PATNA (MR) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 22 मार्च को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस 2025 का दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, विस अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सहित बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र यादव, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री महेश्वर हजारी, सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार, सांसद संजय कुमार झा आदि मौजूद रहे।

समारोह में अपर मुख्य सचिव शिक्षा विभाग डॉ एस सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर उनका स्वागत किया। बिहार के 113वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम ‘उन्नत बिहार, विकसित बिहार’ रखी गयी है। उद्घाटन से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां शिक्षा विभाग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पर्यटन विभाग, पथ निर्माण विभाग, कृषि विभाग, गन्ना विभाग, ग्रामीण विकास विभाग (जीविका), कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, खेल विभाग सहित तमाम विभागों ने प्रदर्शनी लगायी है। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित पुस्तिका ‘डिजास्टर रिस्क रिडक्शन रोडमैप ऑफ बिहार तथा ‘मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम’ (कक्षा- 9-12) का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा- बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा- ज्ञान, अध्यात्म, संस्कृति, सभ्यता, संस्कार और समृद्ध परंपराओं की भूमि बिहार ने अपने ज्ञान, दर्शन व अध्यात्म के प्रकाश से पूरे विश्व को आलोकित किया है। यह निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर बढ़ता रहे, यही कामना है।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी के अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या काफी कम थी। हमने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या को बढ़ाने का काम किया। हमने ही इसका नाम ‘जीविका’ दिया, जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केन्द्र सरकार ने इसका नाम ‘आजीविका’ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी अच्छा काम कर रही हैं। बुलंदी के साथ आप सभी जीविका दीदियां इसी प्रकार काम करते रहिये और आगे बढ़ते रहिये। आपकी जो भी जरूरतें होगी, उसे पूरा किया जायेगा। राज्य सरकार हरसंभव मदद करती रहेगी। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित पटना पुस्तक महोत्सव का फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न प्रकाशनों द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण भी किया। आयोजक मंडल ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

