
PATNA (RAJESH THAKUR) : होलिका दहन बिहार समेत पूरे देश में 13 मार्च को है, जबकि होली कहीं 14 तो कहीं 15 मार्च को है। लेकिन होली का सुरूर अभी से भाजपा नेताओं पर चढ़ने लगा है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह सहित भाजपा के कई नेता होली मिलन समारोह आयोजित कर होली की मस्ती का आनंद ले रहे हैं। चुनावी साल होने और सत्ता में रहने के कारण इस बार भाजपा होली को लेकर कुछ अलग ही जोश में है। जब बिहार में राजद सत्ता में था, तब होली की महफिल लालू यादव के आवास पर जमती थी। लालू की कुर्ताफाड़ होली का हर कोई दीवाना था, लेकिन वह सब अब बीते दिनों की बात हो गयी।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के आवास पर 8 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव समेत उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद से लेकर अन्य भाजपा नेता होलियाना मूड में दिखे। वे सब ढोलक पर मनमोहक थाप दे रहे थे और होली की मस्ती में झूम रहे थे। आप तस्वीरों में भी देख सकते हैं कि स्पीकर हों या डिप्टी सीएम, अथवा मंत्री हों या सांसद या अन्य नेता; सब ढोलक की थाप पर फुल मस्ती में दिखे। अबीर और गुलाल के साथ ही वे सब फूलों की पंखुड़ियों से भी होली खेल रहे थे। होली गीत माहौल में जोश भर रहे थे, उत्साह को दूना कर रहे थे।

पटना सिटी में 9 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक नंदकिशोर यादव ने जालान भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया था। आगत अतिथियों के स्वागत की कमान वे खुद संभाले हुए थे। भाजपा के वरीय नेता प्रभाकर मिश्रा भी सहयोगी की भूमिका में डटे हुए थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल यहां ढोल पर ताल देते नजर आए। डॉ जायसवाल के अलावा यहां पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा, मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत अन्य नेताओं का अबीर, गुलाल लगाकर स्पीकर नंदकिशोर यादव ने स्वागत किया और होली की शुभकामनाएं दी। फगुआ गीतों पर लोग थिरकते नजर आए। 9 मार्च को ही पूर्वी बोरिंग कैनाल रोड में भाजपा प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अतिथियों के लिए गीत-संगीत की बेहतरीन व्यवस्था की गयी थी। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई मंत्रियों समेत भाजपा मुख्यालय के लगभग सभी वरीय नेता पहुंचे थे।
बहरहाल, भाजपा के सियासी गलियारे में इस बार जम कर होली मिलन समारोह के बहाने फगुआ का रंग चढ़ा हुआ है। चुनावी साल होने की वजह से इस साल यह रंग कुछ ज्यादा ही गहरा गया है। सियासी पंडितों की मानें तो एक समय था, जब ऐसा ही रंग लालू आवास पर जमता था। यही रंग अब भाजपा की ओर शिफ्ट हो गया है। जदयू, लोजपा, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों में भी होली मिलन समारोह मनाने की परंपरा है। किंतु इस बार भाजपा की महफिल में होली का चटक और टुह-टुह रंग बिखर रहा है। पुआ-पकवान का भी दौर चल रहा है। इसमें बचका और दहीबड़ा नहीं हो, यह तो संभव ही नहीं है। और हां, कहीं-कहीं भांग वाली लस्सी भी फगुआ के रंग को दूना कर दे रहा है। साथ ही जोगी जी धीरे-धीरे, जोगी जी वाह जोगी… से लेकर रंग बरसे भींगे चुनर वाली और होली खेले रघुवीरा… पर लग रहे ठुमके के क्या कहने…

बता दें कि 8 मार्च को महिला दिवस पर जमुई में आयोजित होली मिलन समारोह में भाजपा विधायक श्रेयसी ने केवल ढोल बजा रही थी, बल्कि मंजीरा पर भी खूब एन्जॉय कर रही थी। वहीं 9 मार्च को तारापुर में जदयू विधायक राजीव सिंह के आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अतिथियों का स्वागत विधायक राजीव सिंह खुद कर रहे थे। इसके अलावा मंगल पांडेय के आवास पर भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
होली पर नेताओं की ढोल बजाते और होली खेलते हुए तस्वीरें











