Mukhijayee Reporter | Patna
बिहार भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बड़ा फेरबदल हुआ है। पार्टी ने प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी दोनों पदों पर बदलाव करते हुए नयी टीम की घोषणा कर दी है। अब तक बिहार के सह-प्रभारी रहे हरीश द्विवेदी को प्रदेश का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। हरीश द्विवेदी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रहने वाले हैं और बस्ती लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं। संगठन में उनका अनुभव लंबा रहा है।



इसी साल एक माह पहले अगस्त 2026 में जब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नयी टीम बनी, तब हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था। इससे पहले वे राष्ट्रीय सचिव के पद पर भी रह चुके हैं और एक बार बिहार के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके पहले उन्हें असम बीजेपी का प्रभारी भी बनाया गया था और 14 अगस्त को राजस्थान के आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भी पार्टी ने उन्हें प्रभारी नियुक्त किया था। वहीं सह-प्रभारी बनायी गयीं संगीता यादव भाजपा की राज्यसभा सांसद हैं। नितिन नवीन की नयी टीम में उन्हें भी राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गयी थी। पूर्वांचल (उत्तर प्रदेश) में उन्हें पार्टी का एक प्रमुख महिला और ओबीसी चेहरा माना जाता है, जिसके चलते बिहार जैसे सामाजिक समीकरण वाले राज्य में उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।

दूसरे सह-प्रभारी रोहन गुप्ता का सियासी सफर भी दिलचस्प रहा है। वे मूलतः कांग्रेस के रास्ते बीजेपी में आए हैं। करीब 2012 में उन्होंने गुजरात कांग्रेस के सोशल मीडिया अभियान से सक्रिय राजनीति शुरू की थी। बाद में वे कांग्रेस के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रमुख भी बने और टीवी डिबेट में पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे। अब बीजेपी में आकर उन्हें बिहार जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी मिली है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फेरबदल आने वाले चुनावी समीकरणों को साधने की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें अनुभव, सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक पकड़ तीनों का ध्यान रखा गया है।







