PATNA/ TARAPUR (MR) : बिहार पर्यटन के नक्शे पर अब जल्द ही तारापुर का ढोलपहाड़ी गांव दिखेगा। नीतीश सरकार ने इसकी पहल शुरू कर दी है। इसे लेकर बिहार विधानसभा में स्थानीय जेडीयू विधायक राजीव कुमार सिंह ने शुक्रवार 4 मार्च को सवाल उठाया। इस पर मंत्री प्रमोद कुमार का जवाब दिया। जल्द ही इसे मूर्त रूप दिया जाएगा। सरकार की ओर से मुंगेर के जिलाधिकारी नवीन कुमार को पत्र भेजा गया है। जिलाधिकारी से जवाब मिलने के बाद इसे विस्तृत रूप से सदन में रखा जाएगा। 

दरअसल, बिहार विधानसभा का बजट सत्र इन दिनों चल रहा है। इसी सत्र के प्रश्नकाल में राजीव सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा के निर्देश पर ढोलपहाड़ी गांव को पर्यटन स्थल बनाए जाने को लेकर सवाल किया। उन्होंने संबंधित मंत्री से सवाल पूछा कि असरगंज प्रखंड अंतर्गत चौरगांव पंचायत के ढोलपहाड़ी गांव पर्यटक स्थल कब बनेगा? 

हालांकि पर्यटन मंत्री सदन में नहीं आए थे और उनकी जगह गन्ना मंत्री प्रमोद कुमार ने जवाब दिया। मंत्री ने पूरक सवाल के जवाब में कहा कि ढोलपहाड़ी गांव को पर्यटन स्थल बनाने की सरकार की योजना है। इस पर सरकार काम भी कर रही है। इस संबंध मुंगेर के डीएम से जानकारी ली जा रही है। पूरी जानकारी आने के बाद जल्द ही इस पर आगे की कार्यवाही होगी। 

इधर, तारापुर विधायक राजीव सिंह ने शनिवार को बताया कि वे क्षेत्र के विकास के लिए कटिबद्ध है। क्षेत्र का विकास ही उनका सपना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के साथ ही तारापुर का भी चहुमुंखी विकास होगा। मुख्यमंत्री ने तारापुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में विकास की बात कही थी। उन्होंने कहा कि मैं तारापुर का नेता नहीं हूँ, यहाँ का बेटा हूं। तारापुर के चप्पे-चप्पे में विकास की गंगा बहेगी। वे इसी तरह विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को रखते रहेंगे और उन्हें दूर कराने का सार्थक प्रयास करते रहेंगे। 

बता दें कि 25 फरवरी से विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हुआ है। इसे लेकर गुरुवार को जेडीयू विधानमंडल की बैठक हुई थी। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत तमाम विधायक व विधान पार्षद शामिल हुए थे। उमेश कुशवाहा ने जनप्रतिनिधियों से कहा था कि वे सदन में क्षेत्र की समस्याओं को रखें और उनका समाधान कराएं। सभी प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस पहल को सराहनीय बताया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here