PATNA (MR)। पूरे देश में लॉकडाउन 5 लागू हो गया है। बिहार में भी यह अक्षरश: लागू हो गया है। लेकिन कोरोना की रफ्तार बिहार में उसी गति से आगे बढ़ रही है। हालांकि, मरीज भी काफी संख्या में ठीक हो रहे हैं। रविवार को नये मामले में मुंगेर डीएम के दो बॉडीगार्ड को कोरोना हो गया है। इसके बाद प्रशासनिक खेमे में हड़कंप मच गया। यह गनीमत है कि मुंगेर डीएम और डीडीसी की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। उधर, दोनों बॉडीगार्ड को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, डीएम राजेश मीणा के दो बाडीगार्ड सहित एक अन्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। डीएम राजेश मीणा ने पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि मेरी और मेरे परिवार के अन्य सदस्यों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है। दूसरी ओर डीडीसी संजय कुमार, डीएम के ओएसडी सियाराम सिंह समेत कई अन्य संबंधित अफसरों ने अपनी-अपनी जांच करायी। सबों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है। इससे लोगों को राहत मिली है।
गौरतलब है कि शनिवार को लॉकडाउन 5 की घोषणा कर दी गयी है। लॉकडाउन 5 माह भर के लिए लागू किया गया है। 30 जून लॉकडाउन 5 का प्रभाव रहेगा। वहीं बिहार में शनिवार तक संक्रमित मरीजों की संख्या 3565 हो गयी है, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1311 हो गयी है। बता दें कि बिहार का सबसे पहला मरीज भी मुंगेर से ही मिला था और पहली मौत भी मुंगेर के मो सैफ के रूप में हुई थी। बिहार में अब तक कोरोना से हुई मौत की संख्या 21 हो गई है। शुक्रवार को सर्वाधिक चार मौत एक दिन में होने का रिकॉर्ड है।