Mukhiyajee Reporter | Munger
जब नन्हें हाथों में कूची आयी तो कागज पर सिर्फ रंग नहीं बिखरे, बल्कि वन्यजीवों को बचाने का संदेश भी जीवंत हो उठा। हवेली खड़गपुर मुख्यालय स्थित हेब्रोन मिशन स्कूल में वन्यजीव संरक्षण को लेकर गुरुवार को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और कल्पनाओं के सहारे प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशीलता का सुंदर चित्रण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय वन पदाधिकारी राबिन आनंद थे। स्कूल के प्राचार्य पीसी प्रसाद के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा पांच से 10वीं तक के 40 बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।


प्रतियोगिता के दौरान पूरा स्कूल परिसर क्रिएटिविटी से भरा नजर आया। बच्चों ने अपने चित्रों में वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को बेहद खूबसूरती से उकेरा। किसी ने जंगल की हरियाली में बेखौफ विचरते पशु-पक्षियों को रंगों में ढाला, तो किसी ने कूची के जरिए यह सवाल उठाया कि इन मूक प्राणियों की रक्षा आखिर कौन करेगा। हर बच्चे के कैनवास पर मनमोहक रंग बिखरे हुए थे। इसमें प्रियांशु राज ने प्रथम, मनहा प्रवीण ने द्वितीय और समीक्षा शशि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागी बच्चों के चित्र भी काफी सराहनीय रहे। मुख्य अतिथि और प्राचार्य ने विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनमें आगे भी ऐसे आयोजनों में हिस्सा लेने का उत्साह दिखा।


अपने संबोधन में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय वन पदाधिकारी राबिन आनंद ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति से जोड़ना और उनमें वन्यजीवों व पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के जागरूक नागरिक बनेंगे और प्रकृति की रक्षा की जिम्मेदारी उठाएंगे। वहीं प्राचार्य पीसी प्रसाद ने कहा कि वन्यजीव पर्यावरण संतुलन की अहम कड़ी हैं और इनके संरक्षण के बिना प्रकृति का संतुलन बनाए रखना संभव नहीं है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और जंगलों की रक्षा के प्रति अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। बच्चों की छोटी-छोटी पहल से ही समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है। इस मौके पर अनु प्रसाद, दीपक कुमार, विनय कुमार, मु. शाकिब सहित विद्यालय परिवार और वन विभाग के सदस्य मौजूद रहे।









