जमुई-शेखपुरा में EOU का बड़ा एक्शन, गुड्डू यादव से संबंधित 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी; 34.19 लाख नकद बरामद, पांच गिरफ्तार

Mukhiyajee Reporter | Jamui

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने संगठित अपराध और अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले में मंगलवार को जमुई और शेखपुरा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गुड्डू यादव गिरोह के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, साथ ही विभिन्न ठिकानों से 34.19 लाख रुपये नकद, बड़ी मात्रा में जमीन से जुड़े दस्तावेज, बैंक अभिलेख, हथियार और कारतूस बरामद किए गए। यह कार्रवाई आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 14/26 के तहत गुड्डू यादव और उसके 16 सहयोगियों के विरुद्ध की गयी। ईओयू के अनुसार गिरोह पर राजस्व अभिलेखों में हेरफेर, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री, अवैध कब्जा, रंगदारी व अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गुड्डू यादव और उसकी पत्नी के नाम 29 अचल संपत्तियां दर्ज हैं। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों ने भी अपने परिजनों और करीबी लोगों के नाम पर बड़ी संख्या में संपत्तियां खरीदी हैं। ईओयू अब इन सभी संपत्तियों के स्रोत, निवेश और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान विभिन्न ठिकानों से ₹34.19 लाख नकद, जमीन के मूल दस्तावेज, बैंक पासबुक, वाहन संबंधी कागजात, 79 राउंड राइफल की गोलियां तथा एक देशी कट्टा बरामद किया गया। बरामद दस्तावेजों और सरकारी अभिलेखों की भी गहन जांच शुरू कर दी गयी है।

कार्रवाई के दौरान बाबूलाल यादव, भूषण यादव, विपिन यादव, प्रमोद यादव और राकेश उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार किया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। ईओयू अधिकारियों के अनुसार बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। जांच के आधार पर गिरोह की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और अवैध संपत्ति के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।