Mukhiyajee | Patna
बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में बिहार विधान सभा डायरी–2026, टेबल कैलेंडर–2026 एवं वॉल कैलेंडर–2026 का विमोचन किया। इसके साथ ही टेबल कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। यह पहला अवसर है, जब विधानसभा सचिवालय की ओर से सदन के जन प्रतिनिधियों के लिए टेबल कैलेंडर का प्रकाशन किया गया है। विमोचन कार्यक्रम के दौरान बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती ख्याति सिंह एवं संयुक्त निदेशक संजय कुमार सिंह सहित अन्य भी उपस्थित रहे।

डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इस वर्ष विधान सभा डायरी को भी नए स्वरूप में प्रकाशित किया गया है। साथ ही वॉल कैलेंडर का भी प्रकाशन किया गया है। उन्होंने कहा कि डायरी में इस बार कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिससे माननीय सदस्यों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। बता दें कि विस अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार पिछले एक सप्ताह से दिल्ली के दौरे पर थे। वहां वे कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उपसभापति डॉ हरिवंश नारायण, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा व अन्य नेताओं से मुलाकात की।

खास बात कि डॉ प्रेम कुमार ने दिल्ली प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का पुष्पगुच्छ से अभिवादन करने के उपरांत मिथिला चित्रकारी से कढ़ाई किए हुए अंगवस्त्र एवं उनके विधान सभा क्षेत्र गयाजी का सुप्रसिद्ध तिलकुट भेंट किया। इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष के अवसर पर नव निर्वाचित सदस्यों के प्रबोधन कार्यक्रम में उद्घाटनकर्त्ता के रूप में शामिल होने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया। लोकसभा अध्यक्ष ने आमंत्रण को स्वीकार करते हुए अपनी स्वीकृति प्रदान की। तत्पश्चात डॉ प्रेम कुमार ने राज्य सभा के उपसभापति डॉ हरिवंश नारायण सिंह को भी उक्त समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने भी सहर्ष अपनी स्वीकृति प्रदान की। मालूम हो कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।




