PATNA / MUNGER : बिहार में एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर पंचायत प्रतिनिधि आ गए हैं। मोतिहारी में मुखिया के भाई की हत्या के बाद नया मामला मुंगेर के संग्रामपुर प्रखंड में हुआ है। संग्रामपुर प्रखंड प्रमुख सुधीर दास पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित धनकुंडा-पसिया नहर के पास हुई है। घायल प्रमुख को भागलपुर रेफर किया गया है। इधर, मुंगेर जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष अश्विनी राज उर्फ पिंकू मेहता ने घटना की निंदा की है तथा अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। 

बताया जाता है कि सुधीर दास अभी मुंगेर जिला प्रमुख संघ के उपाध्यक्ष के पद पर भी हैं। घटना के समय वह अपनी बहन के यहां धौरी गांव गए थे। धौरी से नहर होते हुए संग्रामपुर लौट रहे थे। शुक्रवार की देर शाम पसिया-धनकुंडा के बीच नहर के समीप छह लोगों ने उनकी बाइक को जबरन रोक दिया। 

सूत्रों के अनुसार, सभी की नीयत समझकर प्रमुख सुधीर दास बाइक से भागने की कोशिश करने लगे। इस बीच एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद कुछ देर तक प्रमुख बाइक चलाते रहे, फिर बाइक छोड़कर नहर में कूद गए। सभी बदमाशों ने पीछा भी किया। नहर में कूदने के बाद भी सभी ने कई चक्र गोलियां चलाईं। 

प्रमुख के चिल्लाने की आवाज सुनकर धनकुंडा-ललिया गांव के लोग जमा हो गए। गोली प्रमुख के दायें बांह में लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाज के लिए प्रमुख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने प्रमुख को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। घायल प्रमुख ने पुलिस काे बताया कि ग्रामीणों को देखकर सभी भाग गए। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि वे छह में से दो बदमाशों को पहचानते हैं। दोनों नक्सली गतिविधि से भी जुड़े थे। उन दोनों ने पहले भी जान से मारने की कोशिश की थी। 

उधर मुंगेर जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष सह तारापुर के प्रखंड प्रमुख अश्विनी राज उर्फ पिंकू मेहता ने कहा कि यह घटना बहुत ही दुखद है। निशाना चुक जाने के कारण गोली सुधीर दास की बाँह में लगी है। बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज हॉस्पिटल रेफ़र किया गया है। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here