राहुल गांधी की कन्हैया कुमार संग बेगूसराय में महज 24 मिनट चली पदयात्रा, नहीं हुई नुक्कड़ सभा

PATNA/ BEGUSARAI (MR) : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बेगूसराय में पदयात्रा महज 24 मिनट में खत्म हो गयी। वे कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको और नौकरी दो’ यात्रा में शामिल हुए। हालांकि राहुल गांधी महज एक किमी पैदल चले। उन्होंने खुले जीप में यात्रा करने के लिए मना कर दिया। राहुल गांधी बेगूसराय में नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर सभा को समय के अभाव के चलते रद्द कर दी गयी।

पदयात्रा में राहुल गांधी के एक तरफ कन्हैया कुमार, दूसरी तरफ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम थे। पदयात्रा के दौरान राहुल ने भीड़ में शामिल एक युवक को अपने पास बुलाया, फिर उसका हाथ पकड़कर आगे चल दिए। तय समय से 4 मिनट पहले ही वे पटना के लिए रवाना हो गए। राहुल की पदयात्रा में 10 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।

दरअसल, राहुल गांधी का कार्यक्रम बेगूसराय में 11 बजे से लेकर 11:45 बजे तक तय था। इस दौरान उन्हें पदयात्रा में शामिल होने के साथ ही नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करना था, लेकिन राहुल तय समय से 4 मिनट पहले यानी 11.41 बजे ही पटना के लिए रवाना हो गए। कपस्या चौक टाउनशिप गेट के पास होने वाली नुक्कड़ सभा क्यों रद्द की गयी, अभी तक इसकी वजह सामने नहीं आ पायी है। कहा जाता है कि राहुल गांधी का 6-7 डेलीगेट्स से मिलाने का भी प्लान था, लेकिन भारी भीड़ और समयाभाव के कारण वे 6नहीं मिल सके।

पदयात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश नहीं पहुंचे। वे और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु पटना में होने वाले कार्यक्रम में शामिल हुए। पटना के कार्यक्रम में कन्हैया कुमार शामिल नहीं हुए, क्योंकि उन्हें बेगूसराय में आयोजित कार्यक्रम को लेकर मीडिया से बात करनी थी। बता दें कि राहुल गांधी का इस चुनावी साल में तीसरा बिहार दौरा है। बहरहाल, राहुल की बिहार यात्रा को लेकर कांग्रेसियों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। वहीं राहुल ने युवाओं से अपील की है कि वे उनके व्हाइट टी-शर्ट अभियान से जुड़ें। (यह रिपोर्ट अशोक कुमार ठाकुर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ली गयी है। इसमें उनके निजी विचार हैं।)