PATNA (MR) : पूरे बिहार के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर हम सेक्युलर पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य अशोक कुमार काफी चिंतित हैं। उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए कभी केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी से मुलाकात करते हैं तो कभी बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को ज्ञापन देते हैं।
इतना ही नहीं, वे शिक्षकों के साथ समय-समय पर बैठक भी करते हैं और उनकी समस्याओं को सुनते हैं। उनके निदान के लिए मंथन करते हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने बिहार के सूचना प्रौद्योगिकी, आपदा प्रबंधन और लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन से मुलाकात की।
हम पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य अशोक कुमार ने मंत्री संतोष कुमार सुमन के साथ शिक्षकों की समस्याओं और उनके निदान पर व्यापक रूप से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि दूरदराज के शिक्षकों को उनके घर के पास वाले विद्यालयों में जल्द से जल्द स्थानांतरित की जाए। इसमें महिला शिक्षकों को प्रायोरिटी दी जाए। इससे शिक्षक भी शिक्षण कार्य में अधिक से अधिक समय दे पाएंगे और बच्चों का सही ढंग से शैक्षणिक विकास होगा।
अशोक कुमार ने बताया कि मंत्री संतोष सुमन ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया है और समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में बिहार के शिक्षा मंत्री से भी बात की जाएगी। अशोक कुमार ने बताया कि अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही समाज का विकास होगा। जब समाज का विकास होगा तो राज्य और देश का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ही शिक्षकों की सुविधाओं के लिए भी हमेशा गंभीर रहते हैं और उनके हित में काम करते हैं।