PATNA (MR) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के समर्थन में उतरे उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी। उन्होंने प्रगति यात्रा की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएं दी। साथ ही राजद के शासन काल पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि यदि सर्दी के मौसम की चिंता किए बिना वे जनता के बीच जा रहे हैं, तो यह बिहार की प्रगति के लिए उनकी दृढसंकल्प शक्ति का प्रमाण है। इतना ही नहीं, उपमुख्यमंत्री ने वाल्मीकि नगर में लव-कुश पार्क बनवाने की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की हर यात्रा से विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल होती है। लोगों से फीडबैक मिलता है और यह साफ पता चलता है कि बिहार लालू प्रसाद के राज से कितना आगे निकल चुका है। राजद के लोग प्रगति यात्रा के आईने में अपना चेहरा नहीं देखना चाहते। उन्होंने कहा कि जिनके राज में पूरे राज्य में विकास ठप था, दहशत के कारण बाजार शाम होते बंद हो जाते थे और सरकार के खजाने में कर्मचारियों को वेतन देने के पैसे नहीं होते थे। उन लोगों को प्रगति यात्रा से बड़ी तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा से मिले अनुभव के बाद विकास की गति और तेज होगी।
सम्राट चौधरी ने अपने बयान में यह भी कहा कि वाल्मीकि नगर में लव-कुश पार्क बनवाने की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा स्वागतयोग्य कदम है। इसके बन जाने से धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को बढावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर से अपनी प्रगति यात्रा के पहले दिन वाल्मीकि नगर को लव-कुश पार्क का उपहार देने की घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि तीन नदियों के किनारे स्थित इस स्थान पर रामायण काल में महर्षि वाल्मिकी का आश्रम था, जहां श्रीराम के आदेश का पालन करते हुए भगवती सीता ने वनवास किया और श्रीराम के दो पुत्रों ( लव-कुश) को जन्म दिया था। इस पवित्र भूमि पर लव-कुश उद्यान बनने से लाखों लोगों का सपना पूरा होगा।