एक देश-एक चुनाव : दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस को खूब धोया, विजय सिन्हा ने भी जमकर सुनाया

PATNA (MR) : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने एक देश – एक चुनाव को भारत के लिए बहुत जरूरी बताया। कहा कि यह देश की भलाई के लिए बहुत जरूरी है। वे बिहार भाजपा कार्यालय में रविवार {12 जनवरी) को न्यायिक एवं चुनाव आयोग संपर्क विभाग की ओर से ‘एक देश-एक चुनाव’ विषय पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, इस चुनावी निरंतरता को तोड़ने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।

डॉ जायसवाल ने कहा कि 1951 से 1967 तक देश में सभी चुनाव एक साथ होते थे। उसके बाद यह प्रक्रिया बाधित हुई। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि इस चुनावी निरंतरता में व्यवधान किसने और क्यों डाला, जिससे आज हमें ‘एक देश-एक चुनाव’ पर चर्चा करनी पड़ रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में लगातार बने रहने के उसके अहंकार ने लोकतंत्र को कमजोर किया। देश में राष्ट्रपति शासन लगाकर कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग चुनाव कराने से देश को बड़ा आर्थिक और प्रशासनिक नुकसान हो रहा है। आचार संहिता के बार-बार लगने से विकास कार्य भी बाधित होते हैं।

परिचर्चा में शामिल होते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी ‘एक देश-एक चुनाव’ की वकालत की। उन्होंने कहा, इससे देश के विकास को नयी ऊंचाई मिलेगी और राजकोष की बड़ी बचत होगी। यह देश हित में बहुत जरूरी है। मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से विकास परियोजनाओं में देरी होती है। ‘एक देश-एक चुनाव’ से यह समस्या दूर होगी।
सुप्रीम कोर्ट के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एस.डी. संजय ने कहा कि इस नीति के सकारात्मक प्रभाव ज्यादा हैं और इसे लागू करने के लिए सर्वसम्मति बनानी चाहिए। इस मौके पर मंत्री नितिन नवीन, कार्यक्रम संयोजक दीपक प्रकाश समेत कई लोग मौजूद थे।