Gen-G India Entrepreneurs Summit 2026 में सांसदों, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों ने साझा किए सफलता के मंत्र

Mukhiyajee Reporter | New Delhi

देश में युवा उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को नयी गति देने के उद्देश्य से Gen-G India Entrepreneurs Association की ओर से 29 जुलाई को संविधान क्लब ऑफ इंडिया में Gen-G India Entrepreneurs Summit 2026 का आयोजन किया गया। युवा प्रतिभाओं को सशक्त बनाना, साहसी भविष्य का निर्माण करना विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए स्टार्टअप संस्थापकों, युवा उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य नवाचार, मार्गदर्शन, निवेश और प्रभावी नेटवर्किंग के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करना तथा भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को और मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी मेंटर्स और निवेशकों से सीधे संवाद का अवसर मिला, जहां स्टार्टअप की अवधारणा को व्यावसायिक मॉडल में बदलने, पूंजी जुटाने, नियामकीय प्रक्रियाओं, टीम निर्माण और व्यवसाय विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा तथा बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का समय नौकरी खोजने का नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने का है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा नवाचार आधारित उद्यम देश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देंगे।सम्मेलन में आईआईएम बोधगया की निदेशक डॉ. विनीता सहाय, प्रो. गौरव द्विवेदी, डॉ. ओमकार राय, हर्षवर्धन, संजीव कुमार, विश्व मोहन कुमार, कौशलेन्द्र कुमार, जे. शंकर, प्रवीण कुमार, एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड राकेश कुमार, सौरभ शाश्वत, भावमिक जैन, ऋषि कुमार तथा वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार सिंह सहित अनेक विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने उद्यमिता, नवाचार, निवेश, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), नेतृत्व क्षमता और व्यवसाय विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखते हुए युवाओं को बदलते कारोबारी परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।

आयोजन के दौरान विभिन्न सत्रों में स्टार्टअप्स को निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ नेटवर्किंग का अवसर भी मिला। प्रतिभागियों ने इसे अपने विचारों को आगे बढ़ाने और संभावित निवेशकों तक पहुंच बनाने के लिए उपयोगी मंच बताया। Gen-G India Entrepreneurs Association के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से संरचित इन्क्यूबेशन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और उद्योग जगत से मजबूत जुड़ाव के माध्यम से नवोदित उद्यमियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। संस्था का लक्ष्य देश के प्रत्येक युवा उद्यमी को आवश्यक अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उनके नवाचारी विचार सफल उद्यमों का रूप ले सकें। इसके समापन पर आयोजकों ने सभी मुख्य अतिथियों, वक्ताओं, मेंटर्स, निवेशकों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी देशभर में ऐसे आयोजनों के माध्यम से उद्यमिता की संस्कृति को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।