सशक्त मुंगेर, समृद्ध बिहार के मूलमंत्र के साथ विकास को गति दे रहे हैं विधायक कुमार प्रणय

Mukhiyajee Reporter | Munger

‘सशक्त मुंगेर, समृद्ध बिहार’ के संकल्प को लेकर मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कुमार प्रणय लगातार विकास के मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार में डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में विकास कार्यों को नयी गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय का लाभ अब गांवों से लेकर शहरों तक दिखायी देने लगा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की विकासोन्मुखी कार्यशैली से बिहार में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण को नयी दिशा मिली है।

विधायक कुमार प्रणय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के अनुरूप मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में भी जनहित के मुद्दों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा के महज पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान भाजपा विधायक ने जनसरोकार से जुड़े एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण मामलों को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने तारांकित प्रश्न, अल्पसूचित प्रश्न, ध्यानाकर्षण सहित विभिन्न संसदीय प्रक्रियाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलियों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

उन्होंने कहा कि विधानसभा केवल चर्चा का मंच नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। सदन में उठाए गए सभी मुद्दे सीधे तौर पर आम लोगों की दैनिक समस्याओं से जुड़े हैं। सरकार ने भी कई मामलों में सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में विकास कार्यों के प्रति नयी उम्मीद जगी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि विकास है। ‘सशक्त मुंगेर, समृद्ध बिहार’ का संकल्प तभी साकार होगा, जब शिक्षा बेहतर होगी, स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, सड़क संपर्क सुदृढ़ होगा और प्रत्येक गांव तक विकास की किरण पहुंचेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा मुंगेर भी इस परिवर्तन का मजबूत सहभागी बनेगा।