Mukhiyajee Reporter | New Delhi
भारत मंडपम में चल रहे India AI Expo के दूसरे दिन आज मंगलवार को बिहार पवेलियन चर्चा का केंद्र रहा। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पवेलियन का विजिट किया और राज्य की AI-आधारित विकास रणनीति की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान उनके साथ बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी देते हुए लिखा कि बिहार सरकार ने AI क्षेत्र में 468 करोड़ रुपये के परियोजनाओं और निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं।




उन्होंने कहा कि बिहार की AI-नेतृत्व वाली रणनीति को पूरी तरह परिणामोन्मुख बनाया जाएगा, ताकि तकनीकी विकास सीधे आर्थिक और सामाजिक प्रभाव में परिवर्तित हो सके। उन्होंने बताया कि Bihar AI Mission के तहत 60 करोड़ रुपये की लागत से एक Mega AI Centre of Excellence स्थापित किया जाएगा। साथ ही, इसके विकास के लिए अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के साथ इंडस्ट्री-एकेडमिक पार्टनरशिप के MoUs पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसी तरह, राज्य सरकार ने IIT Patna में 250 करोड़ रुपये की लागत से एक Research Park स्थापित करने की भी घोषणा की है। यह पार्क स्टार्टअप, नवाचार और उद्योग-एकेडमिक सहयोग को बढ़ावा देने का मंच बनेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि AI, साइबर सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्रों में प्रमुख निवेशकों के साथ 158 करोड़ रुपये के MoUs भी साइन किए गए। सरकार का लक्ष्य GCC (Global Capability Centers), डेटा, साइबर सिक्योरिटी और सेमीकंडक्टर से जुड़े क्षेत्रों में निजी निवेश को आकर्षित करना है। समिट के दौरान Bihar GCC Policy 2026 और Bihar Semiconductor Policy 2026 का भी अनावरण किया गया। इन नीतियों के माध्यम से बिहार को उभरती प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए एक प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य बनाने की रणनीति सामने रखी गयी। उन्होंने बताया कि इन पहलों से 10000 से अधिक नए रोजगार सृजित होंगे, 50000 से अधिक युवाओं को AI-लिंक्ड कार्यक्रमों के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण मिलेगा तथा उभरते तकनीकी क्षेत्रों में निजी निवेश को गति मिलेगी। गौरतलब है कि AI Impact Summit का कल सोमवार को उद्घाटन हुआ था। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री Narendra Modi ने किया था। उन्होंने इस आयोजन को भारत की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया था।







