पटना समेत बिहार के बॉर्डर इलाकों में आधी रात को डोली धरती, नेपाल में था केंद्र बिंदु और तीव्रता थी 5.1

PATNA (MR) : बिहार में आधी रात को आया भूकंप के झटके। आधी रात लगभग 2 बजकर 36 मिनट पर लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किये। हालांकि, नेपाल के इलाके में इसका केंद्र बिंदु होने की वजह से बिहार में इसका असर काफी आंशिक था और गहरी नींद में होने के चलते अधिसंख्य लोगों ने महसूस नहीं कर सके। लेकिन, नेपाल बॉर्डर से सटे बिहार के जिलों में भूकंप के झटके से काफी संख्या में लोग जग गये। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भूकंप के झटके की बातों को शेयर किया है।

भूकंपमापी केंद्र के अनुसार नेपाल के इलाके में भूकंप का केंद्र बिंदु था। रात 2.36 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 5.1 थी। पटना में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किये। पटना के गर्दनीबाग में रहने वाले वरीय पत्रकार संजीत नारायण मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया अकॉउंट पर आधी रात में ही इसकी जानकारी दी। सहरसा से प्रियरंजन भारती ने भी लिखा है कि वहां के लोगों ने झटके महसूस किये और किसी-किसी मुहल्ले में लोग घरों से बाहर निकल गये। इसी प्रकार अररिया, समस्तीपुर, मधुबनी से सटे फुलपरास आदि के लोगों ने सोशल मीडिया पर इसे शेयर किया है। मुंगेर के हवेली खड़गपुर में भी झटके महसूस किये गये।

सहरसा के यूजर इरशाद आलम ने लिखा है कि रात में 2:36 में तेज भूकंप महसूस हुआ। सहरसा में पूरा घर हिल गया। उसी समय उनके कमेंट्स में भूकंप होने की जानकारी दी। बताया जाता है कि सबसे अधिक सुपौल और सहरसा में झटके महसूस किये गये। कुछ लोगों ने दो बार भूकंप के झटके आने की बात कही है। बहुत लोगों को खुद पर भरोसा नहीं हुआ है तो फेसबुक पर एक-दूसरे से इसके बारे में पूछ रहे हैं। सुपौल की ही रहने वाली संध्या भारती ने फेसबुक पर इसे शेयर करते हुए लिखा है कि अभी-अभी बहुत ही तेज गति से भूकंप के झटके आए, क्या आपको भी महसूस हुआ ?

बहरहाल, भूकंप के झटके ने लोगों को एक बार फिर आधी रात को डरा दिया। अभी नेपाल के इलाकों में इससे क्या क्षति हुई, इसकी जानकारी नहीं मिली है। बता दें कि 17 फरवरी को सुबह 8 बजे के आसपास बिहार के ही सिवान में भूकंप के झटके महसूस किये गये थे। सबसे बड़ी बात कि 17 फरवरी को ही दिल्ली में भूकंप के तेज झटके आए थे। यह झटका सुबह 5.37 बजे आया था। इसका केंद्र बिंदु दिल्ली में ही धौला कुआँ के आसपास था तथा धरती से 5 किमी नीचे था। पहली बार भूकंप से इस कदर दिल्ली के लोग डरे थे।