विजय चौधरी और विजेंद्र यादव की सुरक्षा में इजाफा तो विजय सिन्हा में कटौती, निशांत को Z सुरक्षा

Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार सरकार के गृह विभाग (विशेष शाखा) ने राज्य के विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था में अहम बदलाव किया है। इस बदलाव को लेकर सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गयी है। बिहार सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कई वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा श्रेणी को निर्धारित और संशोधित किया गया है। इसके तहत, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी सहित पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा में आंशिक कटौती की गयी है।

अधिसूचना के अनुसार, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव को ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गयी है। यह निर्णय राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में हुई अनुशंसाओं के आधार पर लिया गया। वहीं, दूसरे आदेश में विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा ‘Z+’ से घटाकर ‘Z’ कर दी गयी है। इसके अलावा निशांत कुमार को पहली बार ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा दी गयी है। मंत्री श्रवण कुमार को ‘Y+ (एस्कॉर्ट सहित)’ की श्रेणी में रखा गया है। गृह विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सभी निर्णय बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा द्वारा की गयी सुरक्षा समीक्षा और राज्य सुरक्षा समिति की सिफारिशों के अनुरूप लिये गये हैं।

बहरहाल, सरकारी स्तर पर यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। सियासी पंडितों के अनुसार, विजय चौधरी और विजेंद्र यादव पहली बार उपमुख्यमंत्री बने हैं, इसलिए प्रोटोकॉल के तहत दोनों की सुरक्षा बढ़ाई गयी है। इसी तरह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार फिलहाल सक्रिय रूप से राजनीति की मुख्य धारा से जुट गये हैं और वे पूरे बिहार की यात्रा पर निकलने वाले हैं। संवेदनशीलता को देखते हुए ही सरकार ने उन्हें Z सुरक्षा प्रदान की है।