कल्याणपुर वाली माँ – 3 : डॉक्टर साहेब के गांव में जब उतरी सितारों की फौज; पवन सिंह, मनोज तिवारी, रविकिशन, शब्बीर कुमार से लेकर कल्पना पटवारी तक

Mukhiyajee Reporter | Patna

बड़े पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का चलन आम है, लेकिन कल्याणपुर में इस बार जो हुआ, वह आम नहीं था। आमतौर पर बड़े आयोजन में आयोजक देवी जागरण या सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर किसी एक कलाकार को बुलाते हैं, चाहे वह बड़ा हो या छोटा। डॉ नीतीश चंद्र दुबे ने इस परंपरा से हटकर कल्याणपुर वाली माँ के दरबार में देश के शीर्ष सितारों की पूरी फौज खड़ी कर दी। मंच पर पवन सिंह, मनोज तिवारी, रविकिशन, शब्बीर कुमार, कल्पना पटवारी, भरत शर्मा सहित कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कलाकारों ने अपनी गायिकी से समां बांध दिया। भोजपुरी से लेकर हिंदी सिनेमा तक की पहचान रखने वाले इन कलाकारों को एक ही मंच पर सुनने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। पंडाल ही नहीं, पूरा गांव संगीत और माँ के जयकारों से गूंजता रहा।

अभिनेता सह सांसद रविकिशन का अभिनंदन करते डॉ नीतीश चंद्र दुबे।

इस सांस्कृतिक संध्या का सबसे यादगार पल मनोज तिवारी की प्रस्तुति रही। उन्होंने इस मंच के लिए खास तौर पर एक गीत लिखा था, जिसे पहली बार इसी मंच से सुनाया गया। गीत की पंक्तियों में उन्होंने कई बार कल्याणपुर का नाम लिया। जब किसी राष्ट्रीय स्तर के कलाकार के गीत में एक गांव का नाम बार-बार गूंजता है, तो वह गांव के लिए सम्मान की बात होती है। मनोज तिवारी ने मंच से जोर देकर यह भी कहा कि जब यह गीत एल्बम में शामिल होगा, तब भी कल्याणपुर वाली पंक्ति यथावत रहेगी। यानी आने वाले दिनों में यह गांव देश-दुनिया के श्रोताओं तक गीत के जरिए भी पहुंचेगा। वहीं पवन सिंह ने अपने अंदाज में आयोजन के प्रति लगाव जताया। उन्होंने कहा कि इस बार तो वे पारिश्रमिक लेकर कार्यक्रम करने आए हैं, लेकिन अगली बार बिना पैसे लिए, यानी निशुल्क प्रस्तुति देंगे। उनके इस बयान पर पंडाल तालियों से गूंज उठा।

कलाकारों की यह मौजूदगी बताती है कि डॉ दुबे का नेटवर्क और उनके आयोजन की प्रतिष्ठा किस स्तर की है। एक गांव के पूजा मंच पर इतने बड़े नामों का जुटना आसान काम नहीं है। यह आयोजन के प्रति कलाकारों के भरोसे को भी दिखाता है, और इस बात को भी कि कल्याणपुर अब सिर्फ मुंगेर या बिहार तक सीमित नाम नहीं रहा। बहरहाल, मनोज तिवारी और पवन सिंह के अलावा भोजपुरी गायिकी और नायिकी के सुपर स्टार रविकिशन, हिंदी के ख्यातिलब्ध गायक शब्बीर कुमार और लोकप्रिय भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी ने भी कल्याणपुर की महफिल अपने-अपने अंदाज में लूट ली। देखें तो अष्टमी से लेकर दशमी पूजा तक श्रद्धालुओं का रेला लगा हुआ था। और इसका सारा श्रेय डॉ नीतीश चंद्र दुबे माँ दुर्गा महारानी को देती हैं। वे कहते भी हैं कि माँ के बिना देश-दुनिया में एक पत्ता भी नहीं हिलता है। माँ की शक्ति के आगे हर शक्ति बेकार है। कल्याणपुर में जो कुछ हम कर पा रहे हैं सब माँ के आशीर्वाद से हो रहा है। ख्यातिलब्ध गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी मंच से कहा कि कल्याणपुर वाली माँ के आशीर्वाद से ही आज ऐसा गीत मंच से निकला, जिसे पूरे देश के श्रोता सुनेंगे।