Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाले प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच ‘भर ले उड़ान’ की ओर से भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल को पिछले दिनों सम्मानित किया गया। उन्हें मोमेंटो और प्रमाण पत्र से नवाजा गया। सम्मान मिलने पर प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश ने खुशी जतायी। यह आयोजन 14 जून को पटना के एन कॉलेज परिसर में किया गया था। संस्था ने अपना 10वां सीजन भव्य रूप से मनाया। कला, संस्कृति और प्रतिभा को समर्पित इस आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि बिहार की युवा शक्ति किसी भी मंच पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखती है।


संस्था की ओर से भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल को सम्मानित किये जाने पर उन्होंने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि इसमें प्रतिभागियों के अभिभावकों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार का सहयोग सबसे बड़ी ताकत होती है। इसमें ‘भर ले उड़ान’ संस्था अपने नाम के मुताबिक बच्चों में ‘उड़ान’ भरने का काम कर रही है। इसमें संस्था के हर व्यक्ति का अहम योगदान है। पूरी टीम की बदौलत यह संस्था लगातार आगे बढ़ रही है। बता दें कि कार्यक्रम का शुभारंभ पटना की मेयर सीता साहू द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने मंच के एक दशक के सफर और उसके योगदान की सराहना की।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद भीम सिंह ने कहा कि ‘भर ले उड़ान’ बिहार की बेटियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देकर राज्य और देश का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने मंच की अध्यक्ष कोमल पांडे एवं सचिव स्वीटी पंडित के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की। फुलवारीशरीफ के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। बिहार में गोल्डमैन के नाम से लोकप्रिय नीतीश चंद्र ने युवाओं को साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। वहीं राजवंशी चौधरी ने भी मंच की सराहना करते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में प्रेम कुमार भी स्पेशल गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मौजूद रहे।

मंच की सचिव स्वीटी पंडित ने कहा कि पिछले दस वर्षों में ‘भर ले उड़ान’ ने बिहार की अनगिनत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का काम किया है। वहीं अध्यक्ष कोमल पांडे ने कहा कि युवाओं की कला और हुनर को देशभर में पहचान दिलाना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। प्रतियोगिता में सृष्टि गुप्ता, आर्यन राज, आयुष राज, आदर्श शर्मा, सौम्या, अनिका, आराध्या, आदिश और अनामिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 500 से अधिक प्रतिभागियों और समूहों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में टीम ‘भर ले उड़ान’ की सदस्य हर्षिता, गुड़िया, प्रिया, कंचन एवं शशि शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन का संचालन प्रसिद्ध एंकर समीर मलिक ने किया।






