WEST CHAMPARAN (MR)। बिहार में शराब पर बैन रहने के बाद भी पब्लिक को तो छोड़ दीजिए, जनप्रतिनिधि भी कानून को ठेंगा दिखा रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में बिहार के पश्चिमी चंपारण में मुखिया व उसके तीन सहयोगी दबोचे गये। पुलिस ने विशेष अभियान में सोमवार की रात (15 जून) मझरिया शेख पंचायत के मुखिया जाकिर हुसैन खान समेत चार को नशे की हालत में गिरफ्तार किया।

प्रभारी थानाध्यक्ष उदय कुमार के अनुसार, एसपी के आदेश पर शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी देख कर मझरिया शेख कचहरी टोला चौक पर कुछ लोग भागने लगे। तब पुलिस ने रपेट कर चार लोगों को पकड़ा। सभी लोग शराब के नशे में धुत्त थे।

बाद में गिरफ्तार लोगों में एक की पहचान मुखिया जाकिर हुसैन खान के रूप में की गई। उसके साथ मझरिया शेख गांव निवासी अशोक कुमार, लाल बच्चन साह एवं मुकेश कुमार को भी दबोचा गया। मेडिकल जांच में भी शराब पीने की पुष्टि हुई। तब चारों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि, जमानतीय धारा होने के कारण कोर्ट ने बेल दे दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here