Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार सरकार किसानों को सशक्त बनाने और उनकी आय में वृद्धि करने के लिए आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में कृषि में डिजिटल तकनीक को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे में बिहार कृषि ऐप (Bihar Krishi App) राज्य के किसानों का सच्चा साथी बनकर उभरा है। यह ऐप किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान कर कृषि एवं कृषि आधारित कार्यों को आसान बना रहा है। यही कारण है कि राज्य के किसान तेजी से इस ऐप को डाउनलोड कर रहे हैं। दूसरी ओर, एआई चैटबॉट किसानों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। किसान इस ऐप पर मौजूद एआई चैटबॉट के माध्यम से खेती से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं।

दरअसल, किसानों की उर्वरक से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में यह ऐप प्रभावी उपाय सिद्ध हो रहा है। इस ऐप पर किसान अपनी नजदीकी उर्वरक दुकान को तलाश सकते हैं। यहां उन्हें अपने जिले और प्रखंड में मौजूद उर्वरक दुकानों की जानकारी मिलती है। इस ऐप पर किसान अपने आसपास की उन दुकानों पर मौजूद उर्वरक के स्टॉक को भी देख सकते हैं। इस ऐप के कारण अब दुकानदार किसानों को यह कहकर नहीं लौटा सकते हैं कि हमारे पास यह उर्वरक नहीं है। इतना ही नहीं, इसका चैटबॉट भी किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। वह उसकी समस्याओं का बखूबी समाधान कर रहा है। किसान इस ऐप पर मौजूद एआई चैटबॉट के माध्यम से खेती से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं। यह चैटबॉट किसानों के विभिन्न सवालों के जवाब देता है।

सबसे बड़ी बात यह है कि किसान इस ऐप के माध्यम से घर बैठे ही मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा कृषि संबंधित सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को अब एक ही मोबाइल ऐप पर मिल रही है। यहां उन्हें किसान पासबुक, फसलों के बाजार मूल्य, नवीनतम घोषणाएं, कृषि से जुड़ी सरकारी निर्देशिका, पौध संरक्षण सलाह, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा भी मिल रही है। इसी तरह, इस ऐप पर किसान बिहार कृषि रेडियो का लाभ उठा सकते हैं। वे यहां अपनी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं। इतना ही नहीं, किसान इस ऐप के माध्यम से विभिन्न कृषि योजनाओं में आवेदन कर सकते हैं और उनकी स्थिति, अनुदान विवरण तथा स्वीकृति की वास्तविक समय पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।






