बिहार इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के फॉर्म 25 अगस्त से भराएंगे, जान लें कब है लास्ट डेट

Mukhiyajee Reporter | Patna

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार बोर्ड ने आज सोमवार को देर शाम दोनों परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया। परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू होकर 16 सितंबर 2026 तक चलेगी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने प्रेस बयान में बताया कि इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रधान द्वारा भरे जाएंगे। इस दौरान निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा।

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा फॉर्म उनके संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधान द्वारा बिहार बोर्ड की वेबसाइट intermediate.biharboardonline.com के माध्यम से भरा जाएगा। इसी तरह, मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के विद्यार्थियों का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म exam.biharboardonline.org के माध्यम से भरा जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दोनों परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है। बोर्ड के निर्देश के अनुसार, विद्यार्थियों को सीधे परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया नहीं करनी है। संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधान विद्यार्थियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर बोर्ड की निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से उनका परीक्षा फॉर्म भरेंगे और परीक्षा शुल्क जमा करेंगे। इसलिए विद्यार्थियों को समय रहते अपने स्कूल या कॉलेज से संपर्क कर परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

बहरहाल, बिहार बोर्ड ने शिक्षण संस्थानों को निर्धारित अवधि के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। महत्वपूर्ण तारीख:फॉर्म भरने की शुरुआत- 25 अगस्त 2026.. फॉर्म भरने की अंतिम तिथि- 16 सितंबर 2026