Mukhiyajee Reporter | Patna
आम लोगों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सचिवालय ने एक नयी पहल की है। ‘CM QRT’ यानी क्विक रिस्पांस टीम के नाम से शुरू की गयी इस व्यवस्था से आपको त्वरित समाधान मिलेगा। चूंकि अभी सोशल मीडिया का जमाना है, इसलिए सरकार का भी मकसद है कि सोशल मीडिया के जरिए आयी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके प्रचार के लिए जारी पोस्टर में ‘Your Voice. Our Response’ और ‘अब आपकी आवाज़, सीधे सरकार तक’ का संदेश दिया गया है। साथ ही ‘सेवा, सहयोग, समर्पण’ को इस टीम का मूल मंत्र बताया गया है।

इस व्यवस्था के तहत शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बेहद आसान रखी गयी है। इसके लिए सिर्फ चार कदम बताए गए हैं। सबसे पहले पोस्टर पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर X (पहले ट्विटर) पर पहुंचना होगा। इसके बाद @samrat4bjp हैंडल को फॉलो करना होगा। तीसरे चरण में शिकायतकर्ता को @Samrat4BJP और @BiharCMQRT को टैग करते हुए अपनी समस्या फोटो या वीडियो के साथ ट्वीट करनी होगी। अंतिम चरण में CM QRT की टीम शिकायत की तुरंत जांच कर त्वरित कार्रवाई करेगी। दरअसल, फोटो या वीडियो के साथ शिकायत करने की सुविधा से समस्या की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी और जांच में भी आसानी होगी।


बहरहाल, सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई जैसी रोजमर्रा की परेशानियों से जूझ रहे लोगों को अब दफ्तरों के चक्कर काटने के बजाय अपने मोबाइल से ही अपनी बात शीर्ष स्तर तक पहुंचाने का रास्ता मिलेगा। खासकर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था राहत भरी साबित हो सकती है। पोस्टर में सरकार की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि CM QRT लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगा। जनता से अपील की गयी है कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी समस्याएं बताएं। पोस्टर पर X.com/samrat4bjp का पता भी दिया गया है, जहां से सीधे जुड़ा जा सकता है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि यह पहल जमीनी स्तर पर कितनी असरदार साबित होती है और शिकायतों का निपटारा कितनी तेजी से हो पाता है। फिलहाल इतना तय है कि सरकार ने जनता से संवाद का एक नया और डिजिटल रास्ता खोल दिया है।










