Mukhiya Reporter | Rajesh Thakur
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का लगातार जनसंपर्क अभियान जारी है। इसी कड़ी में मुंगेर के भाजपा विधायक कुमार प्रणय भी इन दिनों बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। वे वैश्य समाज सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच जनसंवाद कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। नुक्कड़ बैठकों, सामाजिक संवाद और घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से वे भाजपा सरकार की उपलब्धियों और संगठन की कार्यकर्ता-आधारित राजनीति को लोगों के बीच रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वह राजनीतिक दल है, जहां किसी कार्यकर्ता की पहचान उसके परिवार या राजनीतिक विरासत से नहीं, बल्कि उसके संघर्ष, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा से होती है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से भाजपा ने जिस विश्वास के साथ एक साधारण कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, वह पार्टी की कार्यकर्ता-केंद्रित संस्कृति का सबसे बड़ा उदाहरण है।

कुमार प्रणय ने कहा कि नीरज सिन्हा की उम्मीदवारी उन्हें अपने राजनीतिक जीवन की याद दिलाती है। छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहे कुमार प्रणय ने वर्ष 1992 में भारतीय जनता पार्टी के साथ अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। करीब 33 वर्षों तक संगठन में निरंतर काम करने के बाद वर्ष 2025 में पार्टी ने उन्हें मुंगेर विधानसभा से उम्मीदवार बनाया। यह निर्णय उस समय पूरे प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया था, क्योंकि भाजपा ने कई दिग्गज दावेदारों के बीच एक समर्पित संगठनात्मक कार्यकर्ता पर भरोसा जताया था। उन्होंने कहा कि टिकट मिलने का वह क्षण उनके परिवार के लिए भी भावुक करने वाला था। वर्षों तक उनके संघर्ष को करीब से देखने वाले उनके पिता की आंखें खुशी से भर आयी थीं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति समर्पण और धैर्य का फल एक दिन अवश्य मिलता है और भाजपा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि आज जब बांकीपुर से नीरज कुमार सिन्हा को टिकट मिला है तो उन्हें अपने संघर्ष की वही कहानी दिखाई देती है। यही कारण है कि वे पूरे मनोयोग से उनके चुनाव प्रचार में जुटे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता एक कर्मठ, सहज और जमीनी कार्यकर्ता को विधानसभा भेजने का निर्णय करेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कुमार प्रणय ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल चुनाव के समय समाज और कार्यकर्ताओं की बात करते हैं, जबकि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी सम्मान और अवसर प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि यही कार्यकर्ता-आधारित राजनीति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी वजह से समाज के हर वर्ग का विश्वास लगातार पार्टी के साथ मजबूत हो रहा है। उन्होंने बांकीपुर के मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं की राजनीति और विकास की विचारधारा को आगे बढ़ाने का अवसर है।






