Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार की राजनीति में अपने बेबाक और आक्रामक अंदाज़ के लिए पहचाने जाने वाले भाजपा के फायर ब्रिगेड नेता व पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बाचौल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने महज एक महीने के कार्यकाल में ही ऐसे कई फैसले लिये हैं, जिसकी चर्चा अब गांव से लेकर शहर तक हो रही है और जनता के बीच उसकी खुलकर प्रशंसा हो रही है।
मुखियाजी डॉट कॉम से खास बातचीत में हरिभूषण ठाकुर बाचौल ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री का नाम ही सिर्फ सम्राट नहीं है, काम भी उसी स्तर का है। उन्होंने कहा- सम्राट मतलब यंग, डायनमिक, स्मार्ट…। बातचीत के दौरान बांका वाले वरीय जदयू नेता अनिल कुमार सिंह भी मौजूद थे।

विस्फी के पूर्व विधायक बाचौल ने कहा कि तेजी, स्पष्टता और ऊर्जा के साथ मुख्यमंत्री फैसले ले रहे हैं, उससे बिहार की राजनीति में एक नया संदेश जा रहा है। उन्होंने कहा कि कम समय में जिस तरह शिक्षा, प्रशासन, विकास और संगठनात्मक समन्वय को लेकर मुख्यमंत्री सक्रिय दिखे हैं, वह लोगों के बीच विश्वास पैदा कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के कामकाज की शैली सिर्फ पारंपरिक राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें नयी पीढ़ी की सोच, तेज निर्णय क्षमता और आधुनिक नेतृत्व की झलक साफ दिखाई देती है। बाद में उन्होंने ‘सम्राट चौधरी मतलब यंग, डायनमिक, स्मार्ट’ वाली टैगलाइन को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया।
इतना ही नहीं, भूमिहार समाज से आने वाले हरिभूषण ठाकुर बाचौल ने राजनीतिक और जातीय समीकरणों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा राजनीति और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वर्षों से बनाए गए सामाजिक-राजनीतिक संतुलन के बीच सम्राट चौधरी सबसे फिट और प्रभावी नेता के रूप में उभर रहे हैं। बता दें कि नीतीश कुमार बिहार की सियासत के चाणक्य माने जाते हैं और उनका सोशल इंजीनियरिंग जबरदस्त रहा है। इसी की बदौलत उन्होंने दो दशक से अधिक समय तक बिहार की सत्ता पर राज्य किया। और यह भी सच है कि नीतीश कुमार की पहली पसंद भी सम्राट चौधरी ही हैं। बहरहाल, हरिभूषण ठाकुर बाचौल के इस बयान के बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में एक नयी बहस शुरू हो गयी है और उनके ‘यंग, डायनमिक और स्मार्ट’ नेतृत्व वाले बयान का समर्थन कर रहे हैं।






