Mukhiyajee Report / Patna : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने आज कहा है कि बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए उन्हें रोज खेलना चाहिए। खेल शारीरिक स्वास्थ्य, बौद्धिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक स्वास्थ्य में भी वृद्धि करता है। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बच्चों को प्रतिदिन खेलना चाहिए। वे रोज खेलें। वे पटना स्थित बिशप स्कॉट सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल के वार्षिक खेल महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के अंत में खेल प्रतियोगिताओं में सफल होने वाले बच्चों को विधानसभा अध्यक्ष ने मेडल देकर पुरस्कृत किया।



डॉ प्रेम कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस विद्यालय का वार्षिक खेल दिवस बड़े उत्साह, भरपूर उमंग और विशिष्ट उल्लास पूर्ण वातावरण में छात्रों द्वारा मनाया जा रहा है। यह काफी खुशी की बात है। विद्यालय में वार्षिक खेल दिवस मनाने से विद्यार्थियों में खेल भावना, टीम वर्क और दृढ़ता की भावना जागृत होती है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे नियमित खेलकूद के अभ्यास से युवा खिलाड़ी के रूप में परिणत होकर अपनी प्रतिभा, अपने उत्साह और अपने समर्पण से अपना तथा अपने देश का नाम रोशन करेंगे, मुझे ऐसा विश्वास है। वे देश-विदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओं में पदक जीतकर आर्थिक उन्नति एवं सामाजिक प्रतिष्ठा पाएंगे।


विस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि एक जमाना था जब कहा जाता था कि खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब, पढ़ोगे-लिखोगे होगे नवाब, लेकिन आज इससे इतर देखने को मिल रहा है। खेलकूद में उत्कृष्ट योगदान से खिलाड़ी अकूत धन-संपत्ति और सामाजिक प्रतिष्ठा कमा रहे हैं। वे विश्व में अपना नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसंख्या में भारत विश्व में पहले स्थान पर, क्षेत्रफल में सातवें स्थान पर, अर्थव्यवस्था में जीडीपी के हिसाब से चौथे स्थान पर, सैन्य शक्ति में चौथे स्थान पर, मोबाइल उत्पादन में दूसरे स्थान पर, चीनी उत्पादन में तीसरे स्थान पर तथा लोकतांत्रिक देशों की सूची में पहले स्थान पर है। लेकिन, खेल में हम आज भी काफी पीछे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी विश्व स्तर पर अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन आदि देशों से ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम के विश्व कप में, एशिया स्तरीय प्रतियोगिता में भारत को पदक तालिका में पहले या दूसरे स्थान पर नहीं ला पाते हैं। हमें हमारे इन नौनिहालों से, देश के कर्णधारों से, भारत की प्रतिभा से, आप बच्चों से उम्मीद है कि आपकी खेल प्रतिभा के बल पर पदक तालिका में विश्व में भारत एक दिन पहले स्थान पर जरूर होगा। इसके लिए बिहार की एनडीए सरकार, राजगीर में खेल यूनिवर्सिटी की स्थापना कर खेल एवं खिलाड़ियों के विकास हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, खेल उपकरण, मैदान व प्रशिक्षक उपलब्ध करा रही है। वहीं केंद्र की मोदी सरकार खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर प्रशिक्षक के द्वारा दिला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खिलाड़ियों का समय-समय पर हौसला अफजाई करते रहते हैं। तेजी से विश्व स्तरीय उभरते खिलाड़ी अब भारत को मिल रहे है। मौके पर जनार्दन शर्मा उर्फ योगी, अभिषेक सिंह, अनुपम मिश्रा, आरती सिंह, विष्णु शर्मा, रणविजय रोशन, कृष्ण कुमार चंद्रवंशी, रंजीत राज सहित अन्य मौजूद रहे।





