Bihar Panchayat Chunav 2021 5th Phase : बिहार पंचायत चुनाव के 5वें चरण में 12056 बूथों पर डाले जा रहे हैं वोट

PATNA (MR) : Bihar Panchayat Chunav 2021 5th Phase : बिहार पंचायत चुनाव का आज रविवार को पांचवां चरण है। इस चरण में पहली बार सभी 38 जिलों में मतदान कराये जा रहे हैं। वहीं मतदान वाली सर्वाधिक 845 पंचायतें इसी चरण में हैं। पांचवें चरण का मतदान आज सुबह सात बजे से शुरू हो गया। 58 प्रखंडों में हो रहे मतदान को लेकर सुबह 6 बजे से ही कई बूथों पर वोटरों की भीड़ जुट गई थी। बूथों के बाहर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मिल रही जानकारी के अनुसार दोपहर एक बजे तक 30 परसेंट से अधिक मतदान होने की बात कही जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, जमुई में दोपहर 12 बजे तक 30% वोट पड़ चुके हैं, जबकि कई अन्य जिलों में 25 से 28 परसेंट तक वोट गिरे हैं। भोजपुर के बिहियां प्रखंड की कमरियांव पंचायत के कमरियांव गांव स्थित मध्य विद्यालय में घोड़े पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे रामधनी सिंह की चर्चा जोरों पर है। वहीं, अररिया में एक हाथ में जूता तो दूसरे हाथ में डंडा, घुटने के ऊपर पैंट मोड़कर अधिकारी पंचायत चुनाव करा रहे हैं। बूथ के हर तरफ जलजमाव है।

मुंगेर के रमनकाबाद पूर्वी पंचायत के भलुआकोल मतदान केंद्र पर वोट देने को लाइन में खड़े वोटर।

अररिया प्रखंड में 428 मूल एवं 33 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 428 वार्डों वाले अररिया प्रखंड में कुल 264331 मतदाता हैं। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 125095, पुरुष मतदाता 134562 और थर्ड जेंडर की संख्या 09 है। कड़ी सुरक्षा के बीच अररिया सदर प्रखंड के 462 बूथों पर मतदान शुरू हुई। सुबह से ही विभिन्न बूथों पर महिला वोटरों की लंबी कतार देखी गयी। नवमतदाता, बुजुर्ग व विकलांग में भी उत्साह दिखा। लेकिन कई बूथों पर जल जमाव के कारण वोटरों व मतदान कर्मियों को काफी परेशानी हुई।

उधर, सुपौल में बसंतपुर प्रखंड की 14 पंचायतों में विभिन्न पदों के लिए मतदान चल रहा है। मतदान को लेकर मतदाता सुबह से ही बूथों पर पहुंचने लगे थे। 14 पंचायतों की 435 सीटों के लिए 209 बूथ बनाए गए हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। दोपहर 12 बजे तक की रिपोट के अनुसार, शांतिपूर्वक मतदान जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान के लिए 7810 भवनों में 12056 बूथ बनाए गए हैं। इस चरण के मतदान में 6746545 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 3538500 पुरुष, जबकि 3207791 महिला वोटर शामिल हैं। पांचवें चरण में कुल 26091 पदों के लिए वोटिंग करायी जा रही है। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य यानी वार्ड सदस्य के 11553 पद, मुखिया के 845 पद, पंचायत समिति सदस्य के 1171 पद, जिला परिषद के 124 पद, पंच के 11553 पद और सरपंच के 845 पदों के लिए चुनाव कराए जा रहे हैं। 

पांचवें चरण में 92 हजार 972 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसमें 43211 पुरुष और 49761 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग ने पारदर्शी चुनाव के लिए विधि-व्यवस्था की स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है। पांचवें चरण के वोटों की कॉउंटिंग 26 और 27 अक्टूबर को होगी। बोगस वोटिंग रोकने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से बूथों पर बायोमीट्रिक मशीन लगायी गयी हैं। लाइव वेबकास्टिंग के जरिए भी इसकी मानीटरिंग की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *