PATNA (MR) : जनसुराज पार्टी ने आज पटना के बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में बड़ा मिलन समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में भाजपा के महामंत्री रहे सुधीर शर्मा, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष रहीं विनीता मिश्रा और समस्तीपुर निवासी युवा उद्यमी चेतना झांब समेत कई राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विभिन्न जिलों के गणमान्य सामाजिक-राजनीतिक व्यक्तियों ने जनसुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने सभी को पीला गमछा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि हम किसी के विरोध में नहीं हैं। जनसुराज में वो लोग आ रहे जो बेहतर व्यवस्था बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बिहार सुधरे। हम चाहते हैं कि कर्नाटक-गुजरात की तरह बिहार में भी विकास हो। हमलोग ऊपरवाले की प्रेरणा से काम कर रहे हैं। भाजपा में जिस चाल, चरित्र, चेहरा की बात होती थी, उस चेहरे वाले लोग अब जनसुराज में दिख रहे हैं। अभिमन्यु का उदाहरण देते हुए कहा कि उसके बलिदान की ही चर्चा होती है, उसे घेर कर मारने वालों की चर्चा नहीं होती। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आगामी नवंबर के बाद जदयू के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आखिरी रास्ता जनसुराज में ही होना है। ऐसा इसलिए कि अब नीतीश कुमार भी पीले रंग के बस में घूमने लगे हैं। सभी जगह जो पोस्टर लग रहे हैं, वो भी पीला रंग का ही है। यह देखकर लोग समझ रहे हैं कि इनका अगला रास्ता जनसुराज में ही है।

जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि आज बिहार भर के लोग यह जान रहे हैं कि इनकी समस्याओं का समाधान जनसुराज ही कर सकती है, इसलिए सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र की बड़ी-बड़ी हस्तियां हमसे जुड़ रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि भाजपा ने देश के लिए कुछ भी किया हो, बिहार के लिए कुछ नहीं किया, इसलिए सभी पार्टियों खासकर भाजपा के इतने सारे नेता हमारे साथ आ रहे हैं। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री व भूमिहार-ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने कहा कि मैंने अपनी जवानी भाजपा को आगे बढ़ाने में लगा दी, लेकिन यह पार्टी अब जमीनी कार्यकर्ताओं की कत्लगाह हो गयी है। बिहार में अब राजद-1 और राजद-2 के बीच सत्ता की लड़ाई हो रही है, लेकिन अब जनसुराज बिहार की जनता का अगला विकल्प बनने जा रही है। विनीत मिश्रा ने भी संबोधित किया। युवा उद्यमी चेतना झांब ने कहा कि बिहारी अब सिर्फ बिहार में ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व कर रहे हैं। अब प्रशांत किशोर के नेतृत्व में बिहार को, पाटलिपुत्र को उसका पुराना गौरव वापस दिलाना है। पार्टी के चुनाव अभियान समिति के संयोजक किशोर मुन्ना ने मंच का संचालन किया।

ये सब भी हुए शामिल
पल्लव कुमार सिंह, डॉ शशि शेखर शर्मा, डॉ सोमेंद्र कुमार सिंह, उमाशंकर दास शास्त्री, अमितेश कुमार, विश्वजीत भारती, उद्यमी रिंकू गिरि, अधिवक्ता राजेश कुमार मिश्रा, अजय गिरि सहित अन्य।