सीतामढ़ी की मोहर देवी का निधन, कुशल गृहिणी के साथ धर्मपरायण महिला थीं; समाज के लिए अपूरणीय क्षति

PATNA (MR) : पटना प्रमंडल के उप निदेशक सह डीपीआरओ लोकेश कुमार झा की माता मोहर देवी का 11 मई 2025 को रात्रि 1:30 बजे निधन हो गया। वे लगभग 65 साल की थीं तथा विगत साढ़े सात वर्षों से ऑक्सीजन के सहारे जीवनयापन कर रही थीं। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गयीं।

दिवंगत मोहर देवी सीतामढ़ी जिले के रून्नी सैदपुर प्रखंड स्थित मानिक चौक गांव की रहने वाली थीं। वे एक कुशल गृहिणी और धर्मपरायण महिला थीं, जिन्होंने अपने परिवार को स्नेह और संस्कारों से जोड़े रखा। उनके पति राम किशोर झा सिविल कोर्ट से रिटायर सरकारी कर्मचारी हैं। उनका भरा-पूरा संयुक्त परिवार दो पुत्रों, एक पुत्री, सात पोते-पोतियों और नाती-नातिनियों से सुशोभित है।

ज्येष्ठ पुत्र लोकेश कुमार झा पटना प्रमंडल के उप निदेशक सह डीपीआरओ के पद पर कार्यरत हैं तथा उनकी पत्नी पुलिस अवर निरीक्षक हैं। कनिष्ठ पुत्र डॉ. रौशन कुमार झा एक वरिष्ठ चिकित्सक हैं, जिनकी पत्नी भी ख्यातिलब्ध चिकित्सक हैं। पुत्री कंचन झा पुणे में रहती हैं, जिनके पति मृत्युंजय झा एक निजी कंपनी के निदेशक हैं।

8 मई 2025 को मोहर देवी के दोनों पोतों, समृद्ध और सिद्धान्त का उपनयन संस्कार गांव में ही आयोजित किया गया था। वे दोनों भाई पटना के संत माइकल उच्च विद्यालय में पढ़ते हैं। 11 मई की रात्रि 11:30 बजे तक समारोह का विधि-विधान पूर्ण हुआ और मोहर देवी सभी अतिथियों से बातचीत कर रही थीं। आश्चर्यजनक रूप से महज डेढ़ घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और रात 1:30 बजे उनका निधन हो गया।

घर में खुशी का माहौल देखते-देखते गम में बदल गया। परिवार और शुभचिंतकों के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। लोकेश झा ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि उनकी मां मोहर देवी का जीवन सादगी, धर्म और परिवार के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उनके निधन पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शोक व्यक्त किया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।