सम्राट चौधरी का राजद सुप्रीमो पर कड़ा तंज, कहा- बिहार की जनता लालू यादव को खलनायक मानती है

Mukhiyajee । Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के नेता सम्राट चौधरी ने शनिवार को राजद अध्यक्ष लालू यादव के छठ के मौके पर ट्रेन नहीं चलाने के आरोप पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि लालू जब रेल मंत्री थे, तब छठ के समय उन्होंने 178 विशेष ट्रेन चलाने का काम किया था। लेकिन आज नरेंद्र मोदी की सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के आग्रह पर 12,075 ट्रेनें चला रही है। ऐसे में लालू यादव किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पूरा आंकड़ा भी जारी किया। उन्होंने तेजस्वी यादव को नायक बताए जाने पर भी कटाक्ष किया है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने पटना में भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एनडीए सरकार की उपलब्धि भी बतायी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव का बेटा (तेजस्वी यादव) फोटो लगाकर नायक बनने की बात करता है, लेकिन बिहार की जनता इस परिवार को खलनायक मानती है और लालू के प्रतिनिधि महानालायक हैं। बिहार की जनता यदि किसी को खलनायक मानती है तो वह लालू यादव हैं, जिन्होंने बिहार को 20 साल पीछे कर दिया। 15 साल बिहार के विकास को रोका। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी लालू यादव एक्स पर पोस्ट कर रहे हैं। उन्हें तो शर्म आनी चाहिए। उन्होंने खुद 178 ट्रेनें चलाईं और आज 12,075 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जो वापस लौटने का काम करेंगे, उन्हें कन्फर्म टिकट और 20 प्रतिशत टिकट मूल्य में सब्सिडी भी देने का काम किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से यह भी कहा कि लालू यादव लोकतंत्र के साथ मजाक कर रहे हैं। जिन्होंने कुछ नहीं किया हो, बिहार को लूटा हो, चारा और अलकतरा घोटाला किया हो, एमपी, एमएलए बनाने के लिए जमीन लिखवाया हो, होटल देने के लिए जमीन लिखवाया हो, उन्हें नैतिकता की बात करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने लालू यादव को नसीहत देते हुए कहा कि लालू यादव लोकतंत्र से मजाक मत कीजिये। बिहार की जनता अब विकास के साथ है। अब बिहार के साथ अन्याय मत कीजिये। बिहार अब बढ़ता हुआ बिहार है। इस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल और एमएलसी अनिल शर्मा भी उपस्थित रहे।

क्लिक कर इसे भी पढ़ें 👇