सम्राट चौधरी को बिहार विधानसभा में घेरने निकले सर्वजीत खुद ही घिर गए, विजय सिन्हा ने पूछ लिया- तेजस्वी यादव कहां हैं? फिर तो ये सब हुआ

Mukhiyajee Reporter | Patna

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सदन में उस समय दिलचस्प स्थिति बन गयी, जब विपक्ष के मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को घेरने की कोशिश में खुद ही सवालों के घेरे में आ गए। सत्ता पक्ष की ओर से पूछे गए एक सवाल ने विपक्ष की रणनीति को ही उलझा दिया और कुछ ही देर में सदन का माहौल हंगामे से ठहाकों और राजनीतिक कटाक्ष में बदल गया। दरअसल, कुमार सर्वजीत सरकार को घेरते हुए अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने उनसे सवाल कर दिया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सदन में कहां हैं? मंत्री ने कहा कि सदन की खूबसूरती तभी होती है, जब नेता प्रतिपक्ष भी सदन में मौजूद रहें। यह लोकतंत्र की गरिमा का भी सवाल है।

सदन में जवाब देते कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा।
विधानसभा में सरकार को घेरते विपक्ष के मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत।

सम्राट सरकार को घेर रहे कुमार सर्वजीत खुद को इस सवाल से घिरता देख तत्काल पलटवार की कोशिश में जुट गए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सदन में मौजूदगी को लेकर सवाल दाग दिया और पूछा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार कहां हैं? हालांकि, विपक्ष के मुख्य सचेतक का यह पलटवार ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। उस समय स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार विधानसभा में नहीं, बल्कि विधान परिषद में मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा ले रहे हैं और घंटों सदन में बैठ रहे हैं, इसलिए उन पर सीधा हमला नहीं कर सके। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी दोनों सदनों की कार्यवाही में लगातार भाग ले रहे हैं। संयोगवश उस समय वे विधानसभा की बजाय विधान परिषद में मौजूद थे।

कुमार सर्वजीत के सवाल पर पहले कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा कुछ क्षण के लिए चुप रहे, लेकिन स्थिति स्पष्ट होते ही उन्होंने विपक्ष के मुख्य सचेतक को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार तो विधान परिषद में बैठे हुए हैं, लेकिन आप यह बता दीजिए कि आपके नेता तेजस्वी यादव कहां हैं? विजय सिन्हा के इस जवाब के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के साथ राजनीतिक कटाक्ष का दौर शुरू हो गया। मामला बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। हालांकि, अध्यक्ष भी इस पूरे घटनाक्रम पर चुटकी लेने से खुद को रोक नहीं सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष के मुख्य सचेतक से इतनी उम्मीद तो की ही जा सकती है कि वे यह बता दें कि तेजस्वी यादव कहां हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वस्थ रहें और सुरक्षित रहें। सरकार को नेता प्रतिपक्ष की चिंता है।

सदन में यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। सरकार की ओर से जवाब दिए जाने के दौरान पूर्व मंत्री और जाले के विधायक जीवेश कुमार मिश्रा ने भी विपक्ष पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव का सदन से गायब रहना कोई नयी बात नहीं है। वे हमेशा से सत्र के दौरान गायब रहते रहे हैं। कुल मिलाकर, सरकार को घेरने की कोशिश में शुरू हुआ यह सवाल-जवाब का दौर विपक्ष के मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत के लिए ही असहज स्थिति पैदा कर गया। सत्ता पक्ष ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्रियों की सदन में मौजूदगी को विपक्ष के नेता की गैरमौजूदगी से जोड़ते हुए सवाल खड़ा कर दिया। बता दें कि यह मानसून सत्र महज पांच दिनों का है। शुक्रवार को सदन के मानसून सत्र का अंतिम दिन है।

इसे भी पढ़ें… 👇