PATNA (RAJESH THAKUR) : 2024 बीता। 2025 का आगमन हुआ। रात के 12 बजते ही चहुँओर हैप्पी न्यू ईयर गूंजने लगा। सोशल मीडिया पर नववर्ष की बधाई का तांता लगा रहा। साल के पहले दिन पर लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की। वहीं सियासी गलियारे में भी बधाई देने वालों की हलचल मची रही। इसी कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिनभर अपने सरकारी आवास पर लोगों से मिलते रहे। उन्होंने लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी। बिहार और यहां के लोगों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पटना स्थित सरकारी आवास पर आम लोग से लेकर समर्थक और भाजपा के नेता व पदाधिकारी तक सुबह से बुके, गुलदस्ता, फूल, शॉल, मिठाई आदि को लेकर पहुंच रहे थे। नववर्ष पर उनके सरकारी आवास का गेट जनता के लिए खुला हुआ था। वहां पहुंचने वाले लोगों को उपमुख्यमंत्री घूम-घूम कर बधाई दे रहे थे। समर्थक उनके साथ सेल्फी लेने और फोटो खिंचवाने को लेकर उत्साहित थे। लोग इसे सोशल मीडिया पर शेयर भी कर रहे थे।
इसके बाद शाम में उपमुख्यमंत्री एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बुके देकर आंग्ल नए वर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दी। मौके पर मंत्री विजय चौधरी समेत अन्य मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भी उपमुख्यमंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। मंत्री विजय चौधरी ने भी शुभकामनाएं दी। साथ ही सम्राट चौधरी ने बिहार के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की और बिहार की खुशहाली और तरक्की की मंगलकामना की। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार राज्य की 12 करोड़ जनता का जीवन सुखद सुरक्षित बनाने के लिए इस साल भी विकास की योजनाएं लागू करने में तत्पर रहेगी।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फसल बीमा योजना का बजट बढ़ाने और कई कल्याणकारी नीतियों का फैसला कर किसानों को नववर्ष की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नए साल की पहली कैबिनेट बैठक किसानों को समर्पित की गयी।