Mukhiyajee Reporter | Patna
तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा नेता सकलदेव बिंद ने कहा है कि समाज सेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि उनकी आस्था और जीवन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि गरीब, शोषित, वंचित एवं अतिपिछड़े समाज के लोगों के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने कहा कि ‘संघर्ष ही मेरा रास्ता, समाज सेवा मेरी आस्था’ है। उन्होंने कहा कि जनसेवा को उन्होंने अपना धर्म माना है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनका लक्ष्य है।
भाजपा नेता सकलदेव बिंद ने यह भी कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज बनकर उनके हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और विश्वास के बल पर ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती और सर्वसमावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही उनके सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमर्थन और विश्वास के बल पर समाज सेवा का यह अभियान आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।
बता दें कि सकलदेव बिंद तारापुर विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। दरअसल, इस क्षेत्र में बिंद सहित इस समाज से जुड़े काफी संख्या में मतदाता हैं। इनके नामांकन में काफी संख्या में भीड़ जुटी थी। उस समय ये मुकेश सहनी की पार्टी से टिकट चाहते थे। कहा जाता है कि मुकेश सहनी ने इनके साथ धोखा देकर टिकट दूसरे को दे दिया। इससे ये खुद को अपमानित महसूस करने लगे और इन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। हालांकि, कहा जाता है कि भाजपा की ओर से इन्हें किसी भी सदन में भेजने का वादा किया गया था। लेकिन भाजपा में निर्णय दिल्ली में आलाकमान लेते हैं। एमएलसी की 4 सीटें थीं, लेकिन 12 नामों की अनुशंसा पार्टी की ओर से हुई थी। ऐसे में इन्हें एक बार फिर निराशा मिली। दिल्ली से इनके नाम पर मुहर नहीं लगी। सकलदेव इन सबकी चिंता किये बिना उन्होंने अपनी पुरानी बातों को दोहराते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘संघर्ष ही मेरा रास्ता, समाज सेवा मेरी आस्था’।




