ट्रैक्टर-नाव से बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान और सम्राट चौधरी, बाढ़ पीड़ितों का जाना दर्द

Mukhiyajee Reporter | Patna

सड़क पर पानी है, घर में पानी है और खेत भी पानी में डूबे हैं। जिस रास्ते पर कभी लोग पैदल और वाहन चलते थे, आज वहां पानी ही पानी है। बाढ़ ने सिर्फ रास्ते नहीं डुबोए, उसने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को भी अपने साथ बहा दिया है। तस्वीर में डूबा यह घर उस दर्द की कहानी कह रहा है, जिसे शब्दों में समेटना आसान नहीं। इसी दर्द को करीब से देखने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचे। उन्होंने पटना-सारण से लेकर मुंगेर-भागलपुर तक के बाढ़ पीड़ितों के दर्द को नजदीक से जाना। उन दोनों नेताओं ने स्थलीय निरीक्षण के साथ ही हवाई सर्वेक्षण भी किया।

पटना के मनेर और सारण के दिघवारा में हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री वैशाली के राघोपुर प्रखंड पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने नाव एवं ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फसल, मकान, सड़क और पशुधन को हुए नुकसान की जानकारी ली। केंद्रीय टीम के इस दौरे को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम द्वारा फसल, सड़क, मकान तथा अन्य सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आने वाले दिनों में केंद्रीय टीमें बिहार के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी और नुकसान की पूरी समीक्षा की जाएगी। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से बिहार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय टीम भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय टीम का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को 7 हजार रुपये की अंतरिम अनुदान राशि देना शुरू कर दिया है। नुकसान का विस्तृत एवं सटीक आकलन पूरा होने के बाद किसानों और अन्य प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार की बाढ़ की स्थिति को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने बताया कि कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और एक अन्य केंद्रीय दल भी बिहार आएगा। इसके अलावा बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक भी होगी। बहरहाल, बिहार के बाढ़ प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को अब केंद्रीय टीम के दौरे से नुकसान का आधिकारिक आकलन और उसके आधार पर राहत एवं मुआवजे की उम्मीद है। बता दें कि राघोपुर में पूर्व विधायक सतीश कुमार तो मुंगेर में वर्तमान विधायक कुमार प्रणय सहित प्रदेश व जिलों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।