Republic Day 2026 : गोढ़वा पंचायत में अनुष्का बनी एक दिन की मुखिया, तिरंगा संग अपने सपने भी लहराए

Rajesh Thakur । Patna
बिहार में गांव की सरकार ने अपने 77वें गणतंत्र दिवस पर नयी इबारत लिखने का काम किया है। वह ऐसा कर दिखाया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की होगी, लेकिन करना हर कोई चाहता है। यह इतिहास मोतिहारी प्रखंड के गोढ़वा पंचायत ने रचा है। वहां के स्थायी मुखियाजी राजू बैठा ने गांव की बेटी अनुष्का कुमारी को एक दिन का मुखिया बनाया। एक दिन के लिए बनी मुखिया अनुष्का ने ही इस 26 जनवरी पर झंडोत्तोलन किया। इस कार्य के लिए लोग जहां अनुष्का की प्रशंसा कर रहे हैं, वहीं इस प्रेरक पहल के लिए मुखिया राजू बैठा की भी सराहना कर रहे हैं। वहीं मुखिया राजू बैठा ने मुखियाजी डॉट कॉम से फोन पर बात करते हुए कहा कि इस पहल में पूरे पंचायत के लोगों ने साथ दिया है। सभी को इसके लिए बधाई है। साथ ही उन्होंने एक दिन के लिए बनी मुखिया अनुष्का समेत इस परीक्षा में शामिल होने वाली सभी किशोरियों को भी उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

दरअसल, बिहार के एक छोटी-सी पंचायत ने 26 जनवरी 2026 को एक बड़ा-सा काम किया। वहां गणतंत्र दिवस की सुबह ने एक नयी रोशनी बिखेरी। पूर्वी चंपारण के मोतीहारी प्रखंड अंतर्गत गोढ़वा पंचायत ने इतिहास के पन्ने पर अपना नाम सुनहरा अक्षरों में लिख दिया- एक किशोरी ने न केवल एक दिन के लिए मुखिया की कुर्सी संभाली, बल्कि तिरंगे को फहराकर झंडोत्तोलन भी किया। यह बिहार में ऐसा पहला प्रयोग था, जहां किसी किशोरी ने गणतंत्र दिवस पर पंचायत स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुखिया राजू बैठा की यह दूरदर्शी पहल नीतीश कुमार के महिला सशक्तिकरण और बाबा साहब अंबेडकर के सामाजिक न्याय के सपनों को जमीनी हकीकत में बदल रही है। उन्होंने कहा, ‘हमारी बेटियां सिर्फ घर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की कमान संभाल सकती हैं। यह सिर्फ एक दिन नहीं, आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।’

इस ऐतिहासिक पहल का ताना-बाना तो पिछले साल 15 अगस्त से ही बुना जा रहा था, लेकिन इसे असलीजामा कल 25 जनवरी को मतदाता दिवस पर पहनाया गया। लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित परीक्षा में कक्षा 6 से 9 तक की लड़कियां शामिल हुईं। ज्ञान, जागरूकता और आत्मविश्वास की कसौटी पर हुई परीक्षा में अनुष्का कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर सुचिता और तृतीय पर रागनी कुमारी रहीं। इस परीक्षा के अगले दिन गणतंत्र दिवस पर अनुष्का कुमारी ने पंचायत भवन के सामने खड़े होकर तिरंगा फहराया। हवा में लहराते केसरिया-सफेद-हरा झंडे के नीचे अनुष्का की आंखों में चमक थी- एक छोटी लड़की का बड़ा सपना सच होता देखकर पूरा गांव भावुक हो उठा। ग्रामीणों की भीड़ ने तालियां बजाईं, बच्चे ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते रहे। अनुष्का ने एक दिन में ग्रामीण मुद्दों को सुना, सुझाव लिए और छोटे फैसले किए। सभी प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और सांत्वना पुरस्कार दिये गये। सबसे बड़ी बात कि स्थायी मुखिया राजू बैठा ने घोषणा की कि पंचायत भवन में बालिकाओं के लिए एक खेल केंद्र बनाया जाएगा, जहां खेल, शिक्षा और नेतृत्व की ट्रेनिंग मिलेगी। बेटियां जब मैदान पर उतरेंगी, तब वे सिर्फ खेल नहीं, जीवन जीतेंगी।