Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू हो गयी है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने कार्यालय आदेश जारी कर उन जिलाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है, जो 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ रैली’ में शामिल नहीं हुए थे। बता दें कि इसे लेकर मुंगेर के कार्यकारी जिला अध्यक्ष रहे मो इनामुल हक ने दिल्ली से लौटने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने रैली में शामिल होने के दौरान दिल्ली में मीडिया को खुले तौर पर बयान देकर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी की अपील के बाद भी बिहार से मैक्सिमम DCC अध्यक्ष शामिल नहीं हुए थे।


प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार की ओर से जारी पत्र में ‘DCC अध्यक्षों का तत्काल प्रभाव से निलंबन’ का उल्लेख है। पत्र के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी और प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अपील की थी। इसके बावजूद संबंधित जिलाध्यक्ष रैली में सम्मिलित नहीं हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने लिखा है कि इसी आलोक में ऐसे जिलाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। आदेश में यह भी कहा गया है कि निलंबित पदाधिकारी आगे की कार्रवाई और भविष्य की जिम्मेदारियों पर चर्चा के लिए प्रदेश अध्यक्ष और AICC प्रभारी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। इससे संकेत मिलता है कि पार्टी नेतृत्व ने बातचीत का रास्ता भी खुला रखा है, लेकिन अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाया है।


पत्र की प्रतिलिपि सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, बिहार कांग्रेस के AICC प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और सह-प्रभारी सचिवगण को भेजी गयी है। इससे साफ है कि पूरी कार्रवाई केंद्रीय नेतृत्व की जानकारी में की गयी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार रैली को संगठन की ताकत दिखाने का बड़ा मौका माना जा रहा था। ऐसे में जिलाध्यक्षों की गैरहाजिरी को नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। इधर मुंगेर के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष इनामुल हक ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि इस मामले में उन्होंने भी शिकायत की थी, जिसके बाद प्रदेश स्तर पर कार्रवाई तेज हुई। उन्होंने दिल्ली में ही मीडिया के सामने इसका खुलासा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित राहुल गांधी से इस पर एक्शन लेने को कहा था। बहरहाल, पत्र में किसी जिलाध्यक्ष का नाम नहीं है। ऐसे में कौन-कौन जिलाध्यक्ष इसके जद में आएंगे, यह आनेवाला समय बताएगा। लेकिन इससे इतना तो तय है कि कांग्रेस के भीतर इस फैसले को आने वाले दिनों में संगठन को कसने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है।








