Rajesh Thakur | Patna
आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में बिहार से दो नामों पर सहमति जतायी गयी है। पहला नाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दूसरा नाम शिवेश कुमार राम का है। वहीं, पूरे देश में पार्टी ने नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की है। बता दें कि होली के ठीक दूसरे दिन 5 मार्च को नामांकन की अंतिम तिथि है। बता दें कि नितिन नवीन वर्तमान में बिहार के बाकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। जब वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, तभी उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

पार्टी मुख्यालय से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि विभिन्न राज्यों में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बिहार को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच इन दोनों नामों की घोषणा ने राजनीतिक हलकों में हो रही बहस पर विराम लगा दिया। इसके पहले पवन सिंह को लेकर कुछ मीडिया हाउस कुछ ज्यादा ही अटकलें लगा रहे थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में संगठनात्मक संतुलन और आगामी राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि राज्यसभा के लिए होने वाला यह चुनाव द्विवार्षिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों की रिक्त सीटों पर नए प्रतिनिधि चुने जाते हैं।

बहरहाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने कुल देश भर के लिए कुल नौ उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगायी है। बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार राम के अलावा असम से Terash Gowalla और Jogen Mohan, छत्तीसगढ़ से Laxmi Verma, हरियाणा से Sanjay Bhatia, ओडिशा से Manmohan Samal और Sujeet Kumar तथा पश्चिम बंगाल से Rahul Sinha उम्मीदवार बनाए गए हैं। विभिन्न राज्यों में घोषित इन नामों के साथ पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर अपनी रणनीतिक तैयारी का संकेत दे दिया है।




