Mukhiyajee Reporter | Patna / Sydney
चंद्रग्रहण की इस वैश्विक घड़ी में आसमान ने दो शहरों को एक धागे में बांध दिया। बिहार में जहां सूर्यास्त की सुनहरी आभा के बीच ग्रहण लगा चांद उदित होने की प्रतीक्षा है, वहीं ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में चांद पर पड़ा साया साफ दिखाई दे रहा है। इसी बीच सिडनी से वरीय पत्रकार राजेश कुमार ने मुखियाजी डॉट कॉम के लिए विशेष रूप से चंद्रग्रहण की तस्वीरें भेजी हैं और और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए वहां के बारे में जानकारी दी है। जिस समय उन्होंने यह तस्वीर भेजी, उस समय बिहार में शाम के 5 बजकर 44 मिनट हो रहा था, जबकि सिडनी में रात के 11 बजकर 14 मिनट हुआ था। इतना ही नहीं, उन्होंने व्हाट्सअप कॉल के जरिए मुखियाजी डॉट कॉम के संपादक से बात भी की। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे के आसपास पूर्ण चंद्रग्रहण का अद्भुत नजारा था।


वरीय पत्रकार राजेश कुमार ने बताया कि सिडनी के आसमान में चांद पर धीरे-धीरे बढ़ती छाया ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। समुद्री हवा और साफ आसमान के बीच ग्रहण का दृश्य बेहद स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ खगोलीय घटना नहीं, बल्कि प्रकृति का अद्भुत संयोजन है, जिसे हर बार देखना एक नया अनुभव देता है। इतना ही नहीं, उन्होंने सिडनी में ग्रहण को देखते हुए अपनी तस्वीर भी भेजी है। बहरहाल, दूसरी ओर पटना में लोग पश्चिमी क्षितिज पर ढलती धूप के बीच उस क्षण का इंतजार कर रहे हैं, जब ग्रहणग्रस्त चांद क्षितिज से ऊपर उठेगा। एक ओर सिडनी से आती तस्वीरें, दूसरी ओर बिहार में बढ़ती उत्सुकता, यह दृश्य मानो बता रहा हो कि आसमान भले अलग हों, लेकिन अनुभव एक साझा है।
बता दें कि होली के माहौल के बीच चंद्रग्रहण को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। सूतक काल को देखते हुए ग्रहण के 9 घंटा पहले ही सभी मंदिरों के पट बंद कर दिये गए हैं। दूसरी ओर, इसी वजह से यहाँ सोमवार को ही होलिका दहन का आयोजन किया गया था, जबकि बुधवार को होली का त्यौहार मनाया जाएगा।




