नितिन नवीन की नियुक्ति से विपक्ष में खलबली, एमएलसी जीवन कुमार खूब बरसे, लालटेन पर भी…

Rajesh Thakur / New Delhi : भाजपा में अब ‘नवीन युग’ शुरू हो गया है। पार्टी ने बिहार के बांकीपुर से 5 बार विधायक बनने वाले युवा नेता नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। मनोनीत किये जाने के महज 48 घंटे के अंदर उन्होंने नगर विकास विभाग और पथ निर्माण विभाग के मंत्री पद से इस्तीफा भी दे दिया। जितनी भाजपा की उम्र है, उतनी ही उम्र नए कार्यकारी अध्यक्ष की है। इनकी नियुक्ति से जहां बीजेपी सहित पूरा एनडीए खुश है, वहीं विपक्ष लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर तंज कस रहा है। इसे लेकर भाजपा के विधान पार्षद जीवन कुमार ने विरोधियों पर तीखा हमला किया है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए परिवावाद पर भी हमला किया है।

भाजपा खेमे में उत्साह : दरअसल, राष्ट्रीय स्तर पर युवा नेता नितिन नवीन को मिली नयी जिम्मेदारी से बिहार की सियासत में नयी बहस छिड़ गयी है। बिहार में उनके नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को लेकर जहां भाजपा खेमे में उत्साह है, वहीं विपक्ष की बेचैनी खुलकर सामने आने लगी है। इस बाबत विधान पार्षद जीवन कुमार ने कहा कि नितिन नवीन की सक्रिय भूमिका और संगठनात्मक मजबूती ने उन दलों की नींद उड़ा दी है, जो दशकों तक बिहार की राजनीति में परिवारवाद और सत्ता के दुरुपयोग का चेहरा बने रहे। उन्होंने विपक्ष पर सीधा हमला करते हुए कहा कि जिन लोगों ने बिहार को कभी गुंडाराज और भ्रष्टाचार की ओर धकेला, वही आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।

लालटेन युग खत्म- जीवन : विधान पार्षद ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधि होने के नाते वे यह साफ कहना चाहते हैं कि बिहार अब पीछे लौटने वाला नहीं है। लालटेन युग की राजनीति अब इतिहास बनने की ओर है और भाजपा का हर कार्यकर्ता नितिन नवीन के नेतृत्व में जन-सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। नितिन नवीन को भाजपा में एक ऐसे नेता के तौर पर देखा जाता है, जिन्होंने संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अपनी पकड़ बनायी है। बिहार की राजनीति में वे अनुशासित कार्यशैली, स्पष्ट राजनीतिक रुख और विकास-केंद्रित सोच के लिए जाने जाते हैं। संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ प्रशासनिक मामलों में उनकी सक्रियता ने उन्हें पार्टी नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा बनाया है।

केंद्रीय नेतृत्व के प्रति बढ़ा भरोसा : जीवन कुमार ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि नयी दिल्ली स्थित बिहार निवास में उन्होंने भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। उन्होंने गुलदस्ता देकर स्वागत किया। हालांकि, यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी। बहरहाल, नितिन नवीन की नयी भूमिका के बाद बिहार के साथ ही देश के भाजपा नेताओं की उम्मीद बढ़ गयी है। खासकर जिस तरह से नगण्य आबादी वाले नितिन नवीन और संजय सरावगी की ताजपोषी हुई है, उससे कम आबादी वाले नेताओं के मन में भी केंद्रीय नेतृत्व के प्रति भरोसा बढ़ा है कि भविष्य में उनके भी अच्छे दिन आ सकते हैं।