Mukhiyajee Reporter | Patna
कार्तिक की ठंडी भोर में जब व्रती घुटनों तक पानी में खड़ी होकर उगते सूरज की राह देखती हैं, तब आस्था की ताकत साफ दिखती है। न पानी की ठंड का डर, न भूख-प्यास की परवाह। छठ का व्रत ऐसा ही है। चार दिन के इस महापर्व में व्रती करीब 36 घंटे निर्जला रहती हैं, घाट तक पैदल जाती हैं और परिवार के लोग सिर पर दउरा रखकर साथ चलते हैं। मगर इसी कठिन साधना के बीच शरीर का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है। दरअसल, छठ सूर्य की उपासना का पर्व है, जिसमें खुली हवा और सादा भोजन इसे प्रकृति के करीब रखते हैं। आस्था तभी पूरी होती है, जब व्रती और पूरा परिवार सुरक्षित और स्वस्थ रहे।

इस बाबत रिटायर सिविल सर्जन और हवेली खड़गपुर स्थित माँ तारा क्लिनिक के निदेशक डॉ अखिलेश कुमार कहते हैं– ‘छठ आस्था का पर्व है, पर शरीर की सुनना भी जरूरी है। व्रत शुरू होने से पहले के दिनों में खूब पानी पिएं और सादा भोजन करें, ताकि शरीर में कमजोरी न आए।’ उनका कहना है कि निर्जला उपवास में शरीर में पानी की कमी हो सकती है और शुगर या ब्लड प्रेशर ऊपर-नीचे हो सकता है। इसलिए बुजुर्गों और शुगर, ब्लड प्रेशर या हृदय के मरीजों को व्रत से पहले अपने डॉक्टर से मिलकर सलाह जरूर लेनी चाहिए। व्रत खोलने के समय की जल्दबाजी भी भारी पड़ सकती है। डॉ अखिलेश कुमार ने बताया कि व्रत खोलते ही भारी भोजन न करें। पहले थोड़ा पानी लें, फिर हल्का प्रसाद लें और धीरे-धीरे सामान्य खाने पर आएं। गुड़ की खीर, मौसमी फल और सादा भोजन जैसी छठ की परंपराएं इसमें मददगार भी हैं, क्योंकि ये शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा देती हैं।

घाट पर पहुंचने के बाद दूसरी बड़ी चुनौती ठंडे पानी में देर तक खड़े रहना है। पटना के हड्डी और नस रोग विशेषज्ञ डॉ अंकित कुमार बताते हैं- ‘घंटों ठंडे पानी में खड़े रहने से पैरों में ऐंठन, सुन्नपन और जोड़ों में दर्द हो सकता है। इसलिए बीच-बीच में पैर हिलाते रहें और पानी से निकलते ही सूखे और गर्म कपड़े पहन लें।’ वे यह भी कहते हैं कि घाट की सीढ़ियां या ढाल वाली मिट्टी गीली होने से वहां फिसलन रह सकती है, इसलिए संभलकर चलें और उतरते-चढ़ते समय किसी का सहारा जरूर लें। सिर पर दउरा रखकर चलने वालों के लिए भी डॉ अंकित की सलाह है- ‘भारी दउरा लंबे समय तक सिर पर रखने से गर्दन और रीढ़ पर जोर पड़ता है। वजन कम रखें, सिर पर कपड़े की गद्दी लगाएं और बारी-बारी से इसे उठाएं। अगर गर्दन या पीठ में तेज दर्द हो, हाथ-पैर में सुन्नपन या कमजोरी महसूस हो, तो इसे हल्के में न लें।’ बहरहाल, डॉक्टरों की यह भी सलाह है कि घाट पर व्रती के साथ परिवार का कोई सदस्य हमेशा रहे। भीड़ में धक्का-मुक्की से बचें और छोटे बच्चों व बुजुर्गों को पानी के किनारे अकेला न छोड़ें। उनका यह भी कहना है कि चक्कर आना, बहुत ज्यादा कमजोरी, सीने में दर्द या सांस फूलना जैसे लक्षण दिखें, तो इंतजार न करें, तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।








