मुखियाजी छठ स्पेशल | भाग 7 : जब तक सजेगी सुपली, गूंजते रहेंगे शारदा सिन्हा के छठ गीत; नए पौध के जिम्मे विरासत

Mukhiyajee Reporter | Patna

कार्तिक का महीना आते ही बिहार के गांव-गांव में एक आवाज अपने आप गूंजने लगती है। सुबह-सुबह किसी घर से, चाय की दुकान से या घाट की ओर जाती गाड़ी के स्पीकर से छठ के गीत सुनाई देने लगते हैं। इन गीतों के बिना छठ की कल्पना भी अधूरी लगती है और इस आवाज का सबसे बड़ा नाम है बिहार कोकिला शारदा सिन्हा।
शारदा सिन्हा ने दशकों तक छठ के गीतों को अपनी आवाज दी। ‘हो दीनानाथ’ और ‘पहिले पहिल’ जैसे गीत आज भी हर उम्र के लोगों की जुबान पर हैं। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। साल 2024 में छठ के पहले दिन (नहाय-खाय के दिन) ही उनका निधन हुआ था। तब पूरा बिहार रो पड़ा था। तब से हर साल छठ पर उनके गीत सुनते समय लोगों की आंखें नम हो जाती हैं। इस बार भी छठ से पहले उनके गाए गीत सोशल मीडिया पर खूब सुने और साझा किए जा रहे हैं। इस साल एक फिल्म में भी उनकी आवाज में छठ गीत सुनाई दिया, जिसे सुनकर उनके प्रशंसक भावुक हो गए।

इन गीतों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें बनावट नहीं, अपनापन है। घाट की सफाई, सूप-दउरा, केला-ठेकुआ, सूरज को अर्घ्य और छठी मैया से परिवार की सलामती की मांग, सब कुछ सीधी-सादी बोली में पिरोया गया है। यही वजह है कि गांव के बुजुर्ग हों या मोबाइल चलाने वाली नयी पीढ़ी, सबको ये गीत अपने लगते हैं। भोजपुरी, मगही, अंगिका, मैथिली आदि बोलियों में छठ के गीतों की अपनी मिठास है। शारदा सिन्हा की विरासत को आगे बढ़ाने का काम नए गायक भी कर रहे हैं। इस बार भी कई नए छठ गीत रिलीज हुए हैं। पल्लवी सिन्हा और प्रियंका सिंह जैसी गायिकाओं की आवाज में नए गीत आए हैं, तो खेसारी लाल यादव और पवन सिंह जैसे लोकप्रिय गायकों के गीत भी खूब सुने जा रहे हैं। यूट्यूब और रील के इस दौर में छठ के गीत नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं और परदेस में बसे बिहारियों को भी घर की याद दिला रहे हैं। फिर भी जरूरत इस बात की है कि छठ गीतों की पवित्रता बनी रहे। छठ आस्था का पर्व है, इसलिए फिल्मी धुन और फूहड़ बोल से परहेज करना ही ठीक है।

नए गायकों के लिए शारदा सिन्हा की सादगी, साफ उच्चारण और भक्ति-भाव ही सबसे बड़ी सीख है। जब तक घाट पर सुपली सजेगी और अर्घ्य के लिए हाथ उठेंगे, तब तक ये गीत यूं ही गूंजते रहेंगे। दूसरी ओर, पटना के मीठापुर पुरानी बस स्टैंड के पास श्री श्री नवयुवक संघ छठ पूजा समिति की ओर से शनिवार को लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा को याद करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने कहा कि शारदा सिन्हा और छठ महापर्व एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। उनके छठ गीतों के बिना महापर्व की रौनक अधूरी लगती है। उनके मधुर और पारंपरिक गीतों ने छठ पर्व को देश-विदेश में एक अलग पहचान दिलायी है। आज भी छठ के मौके पर उनके गीत हर घर और घाट पर गूंजते हैं। वर्ष 2007 में स्थापित श्री श्री नवयुवक संघ का इस वर्ष 19वां छठ महोत्सव आयोजित हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष रवि कुमार, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, सचिव राजेश कुमार सोनी सहित अजय कुमार, संदीप कुमार, गौतम कुमार और सनी कुमार सक्रिय रूप से जुटे रहे।