Mukhiyajee Reporter | Patna
छठ महापर्व का आज दूसरा दिन है। आज खरना है। खरना की खबर आप 15 भागों की 5वीं कड़ी में पढ़ चुके हैं। वैसे तो बिहार से निकलकर लोक आस्था का यह महापर्व ग्लोबल हो चुका है और इसकी कड़ी आप आगे पढ़ेंगे। लेकिन यहां हम मिथिलांचल की बात बता रहे हैं। मिथिलांचल में छठ केवल पूजा नहीं, घर-घर का उत्सव है। दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी आदि इलाकों में पोखरों की सफाई, घाटों की मरम्मत और घर-आंगन की लिपाई-पुताई फाइनल रूप ले चुके हैं। बता दें कि मिथिलांचल को पग-पग पोखर वाली धरती कहा जाता है, वहां इन दिनों हर पोखर पर लोगों की चहल-पहल काफी बढ़ गयी है।


दरअसल, मिथिला में छठ की असली रौनक पोखर और तालाब के किनारे ही देखने को मिलती है। गांव के लोग टोली बनाकर पोखर के घाट की साफ-सफाई करते हैं, रास्ता ठीक करते हैं और किनारे को समतल बनाते हैं। शहरों में भी प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। दरभंगा में घाटों की सफाई, पहुंच पथ दुरुस्त और सुरक्षा के पक्के इंतजाम लगभग हो गये हैं। कई जगहों पर पोखरों से जलकुंभी हटाकर व्रतियों को अर्घ्य देने लायक बनाया गया है। छठ की एक खास परंपरा कोसी भराई भी है, जो मिथिलांचल के घरों में बड़े भाव से निभायी जाती है। मान्यता है कि मन्नत पूरी होने पर या संतान के सुख-समृद्धि की कामना से कोसी भरी जाती है। आम तौर पर संध्या अर्घ्य के बाद घर के आंगन या घाट पर कोसी सजायी जाती है। महिलाएं इकट्ठा होकर पारंपरिक छठ के गीत गाती हैं, कोसी में धूप-हवन किया जाता है और छठी मैया से मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की जाती है। रात भर आंगन में दीये जलते हैं और गीतों की गूंज सुनाई देती है।

गीत तो मिथिला की छठ की जान हैं। सुबह-सुबह जब किसी घर से मैथिली छठ गीत की धुन उठती है, तो पूरा टोला जाग जाता है। बुजुर्ग महिलाएं अपनी बहू-बेटियों को ये गीत सिखाती हैं और इस तरह परंपरा एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती है। इन गीतों में सूर्य देव, छठी मैया, सुहाग, संतान और घर की खुशहाली की बात होती है, जो हर परिवार को अपनापन से भर देती है। छठ पर घर लौटने की उमंग भी इन्हीं इलाकों में सबसे ज्यादा दिखती है। बहरहाल, छठ में न ऊंच-नीच का भेद दिखता है, न अमीर-गरीब का। सब एक ही घाट पर, एक ही रीति से सूर्य को अर्घ्य देते हैं। यही सादगी और बराबरी छठ की सबसे बड़ी पहचान है, जो पोखर की पार से लेकर आंगन की कोसी तक हर जगह दिखाई देती है।








