Mukhiyajee Reporter | Patna
छठ की पहली भोर बिहार में कुछ अलग ही उतरती है। अभी पूरब में लालिमा ठीक से फूटी भी नहीं होती कि घाटों, पोखरों और नदी-किनारे पर चहल-पहल शुरू हो जाती है। ठंडी हवा में कांपते हाथों से व्रती डुबकी लगाती हैं और मन ही मन छठी मैया से चार दिन की इस कठिन साधना की शक्ति मांगती हैं। इस बार यह महापर्व नहाय-खाय के साथ आज शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इस दिन की शुरुआत सफाई और शुद्धि से होती है। घर के आंगन, रसोई और पूजा के कोने को घंटों रगड़-रगड़कर चमकाया जाता है। जिन बर्तनों में प्रसाद बनेगा, उन्हें भी अलग रखकर मांजा-धोया जाता है। व्रती सुबह-सुबह नदी या तालाब में स्नान करती हैं और कई परिवार वहां से घड़े में जल भरकर घर लाते हैं, ताकि उसी पवित्र जल से आज का भोजन बन सके। जिनके घर गंगा से दूर हैं, वे पोखर या कुएं के साफ पानी से यह रस्म निभाते हैं। नहाने के बाद साफ कपड़े पहनकर व्रती सूर्य देव को प्रणाम करती हैं और व्रत का संकल्प लेती हैं।

फिर आती है रसोई की बारी, जहां से नहाय-खाय की असली खुशबू उठती है। मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी की मंद आंच सुलगायी जाती है। बड़ी हांडी में अरवा चावल का भात चढ़ता है और दूसरी तरफ कद्दू की सब्जी पकती है। साथ में चने की दाल भी बनती है। दाल में भी कद्दू के टुकड़े डाले जाते हैं। इस पूरे भोजन में सादगी का खास ख्याल रखा जाता है। पारंपरिक रूप से इसमें प्याज-लहसुन तक नहीं पड़ते और नमक के रूप में सेंधा नमक का इस्तेमाल होता है। इसी प्रसाद की वजह से इसे कद्दू-भात भी कहा जाता है। दरअसल, आज का प्रसाद परवैतिन के लिए पूरे व्रत की पहली सीढ़ी है। जब भात, दाल और कद्दू प्रसाद के रूप में तैयार हो जाता है, तो पहले सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाया जाता है। उसके बाद परवैतिन पूरे श्रद्धाभाव से एक ही बार प्रसाद ग्रहण करती हैं और फिर परिवार के बाकी लोग प्रसाद पाते हैं।

प्रसाद बनाते वक्त रसोई में अलग ही शांति रहती है। न कोई शोर, न जल्दबाजी। भाप उठती हांडी, मिट्टी के चूल्हे की सोंधी गंध और दीवार के पीछे कहीं से आती छठ गीत की धुन पूरे माहौल को पवित्र बना देती है। इस दिन गांव-शहर का अपनापन भी देखने लायक होता है। लोग एक-दूसरे के घर जाकर तैयारियों का हाल पूछते हैं। जिस घर में कोई बुजुर्ग व्रती है, वहां पड़ोसी खुद आगे बढ़कर हाथ बंटाते हैं। परदेस से लौटे बेटे-बहू सफाई और सामान जुटाने में लगे रहते हैं। कहीं गेहूं धोकर धूप में सुखाया जा रहा है, तो कहीं बांस के सूप और दउरा सजाने की तैयारी चल रही है। बहरहाल, नहाय-खाय के साथ ही व्रती का तप शुरू हो जाता है। अगले दिन खरना, फिर घाट पर डूबते सूरज को अर्घ्य और अगली भोर में उगते सूरज को प्रणाम होगा। यानी आज की यह सादी थाली केवल भूख मिटाने का भोजन नहीं, बल्कि चार दिन की कठिन तपस्या का पहला संकल्प है। कद्दू-भात की यही सादगी हमें बताती है कि बिहार की आस्था दिखावे में नहीं, शुद्धता, संयम और अपनेपन में बसती है।









