हवेली खड़गपुर प्राचीन काली मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मुहिम तेज, अनिल साह बने संघर्ष समिति के संयोजक तो अमन चैन सह संयोजक

Mukhiyajee Reporter | Munger

हवेली खड़गपुर नगर परिषद के मुख्य बाजार स्थित प्राचीन काली मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण का मामला अब फिर से तूल पकड़ने लगा है। मंदिर को अतिक्रमण से मुक्त कराने और उसके संरक्षण को लेकर लिए बुधवार को पुरानी चौक स्थित आर्य समाज मंदिर में प्राचीन काली मंदिर बचाओ संघर्ष समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अनिल कुमार साह ने की। बैठक में उपस्थित लोगों ने अपने-अपने विचार रखे। बताया गया कि कालांतर में कुछ लोगों ने मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया। अब ऐसे तत्वों की नजर मंदिर कैंपस पर लगी हुई है, जबकि कुछ जमीन अतिक्रमित भी हो चुकी है। इससे नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में गहरी चिंता है। बैठक में मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा उसके संरक्षण को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

आर्य समाज मंदिर में आयोजित बैठक में शामिल लोग।

बैठक में सर्वसम्मति से अनिल कुमार साह को संघर्ष समिति का संयोजक मनोनीत किया गया, जबकि अमन चैन को सह संयोजक चुना गया। उपस्थित लोगों ने दोनों के नाम का स्वागत करते हुए अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा नेता ओमप्रकाश सहनी ने मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी धरोहर को सुरक्षित और संरक्षित रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसके लिए ठोस प्रयास होने चाहिए। नगर के मुख्य बाजार में स्थित यह मंदिर लंबे समय से लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। ऐसे में इसके परिसर और जमीन अतिक्रमण की चपेट में आना श्रद्धालुओं के लिए चिंता का विषय बना है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में अधिवक्ता अमरेश्वर कुमार के साथ वे हवेली खड़गपुर के अनुमंडलाधिकारी प्रेम कुमार से मिले थे और उन्हें मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया था। अनुमंडलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। इससे लोगों में उम्मीद जगी है कि प्रशासनिक स्तर पर पहल होगी।

बैठक में यह भी जानकारी दी गयी कि इस मामले को लेकर न्यायालय में वाद भी चल रहा है। ऐसे में समिति ने तय किया कि कानूनी प्रक्रिया और प्रशासनिक पहल, दोनों स्तरों पर मंदिर की जमीन को बचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति जतायी। यह भी तय हुआ कि समिति के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। लोगों का मानना था कि जब तक पूरा समाज एक साथ खड़ा नहीं होगा, तब तक इस धरोहर को बचाना आसान नहीं होगा। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि अब बैठक नगर परिषद में वार्ड और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत के स्तर पर होगी। बैठक में भाजपा के नगर अध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, सरपंच कविता देवी, अधिवक्ता अमरेश्वर कुमार, आर्य समाज मंदिर के संचालक पवन शर्मा, अलख निरंजन यादव, सुबोध मेहता, बटेश्वर, माधव ठाकुर, संजय ठाकुर, अमित कुमार साह, अविनाश कुमार झा, राजीव कुमार झा, वरुण सिंह, सीताराम साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।