Rajesh Thakur | Patna
राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य की बातचीत का एक वीडियो दुर्गापूजा के मौके पर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। करीब 49 सेकेंड के इस वीडियो ने सिर्फ पारिवारिक भावनाओं को ही नहीं छुआ है, बल्कि सियासी गलियारे में भी नयी चर्चा छेड़ दी है। सवाल उठने लगा है कि क्या रोहिणी आचार्य को अपने पिता का पूरा सियासी आशीर्वाद मिल गया है। दरअसल, लालू यादव और रोहिणी आचार्य ने एक दिन पहले यानी रविवार को पटना में दुर्गापूजा की थी। उस पूजा का वीडियो भी सामने आया था।


लेकिन अब जो नया वीडियो आज सोमवार को आया है, वह घर के भीतर का बताया जा रहा है। इसमें रोहिणी अपने पिता से बड़े ही सहज अंदाज में पूछती दिख रही हैं कि वे उन्हें पहचानते हैं या नहीं और उन्हें आशीर्वाद दिया है या नहीं। उन्हें कितना आशीर्वाद दिया है? इस पर लालू जवाब देते हैं कि वह रोहिणी आचार्य है और उसे हनारा पूरा आशीर्वाद है। रोहिणी कहती हैं कि धीरे बोलने पर सुनाई नहीं दिया, जोर से बोलिए। इस पर लालू कहते हैं कि उन्हें पूरा आशीर्वाद है…। पिता-पुत्री के बीच की यह छोटी-सी बातचीत देखने में भले ही पारिवारिक लगे, लेकिन बिहार की राजनीति में लालू परिवार का हर संकेत बड़ा मायने रखता है। लालू यादव की सेहत को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं, ऐसे में उनका सार्वजनिक रूप से किसी को आशीर्वाद देना राजनीतिक हलकों में अलग ढंग से पढ़ा जाता है।


गौरतलब है कि रोहिणी आचार्य वही हैं, जिन्होंने अपने पिता को किडनी देकर उन्हें नया जीवन दिया था। तब से उनकी छवि एक समर्पित बेटी के रूप में बनी है और राजनीति में भी उनकी सक्रियता को लोग इसी भावनात्मक जुड़ाव से जोड़कर देखते हैं।
बता दें कि मुखियाजी डॉट कॉम ने अपने वेबपोर्टल पर प्रमुखता से यह खबर प्रकाशित की थी कि क्या रोहिणी आचार्य अपने पिता लालू प्रसाद की सियासी वारिस बनेंगी। यह खबर तब छपी थी, जब रोहिणी पटना आने वाली थीं। इस खबर की लिंक आप नीचे पढ़ सकते हैं। खास बात कि रोहिणी के स्वागत के लिए लालू यादव और राबड़ी देवी खुद पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे। यह भी पता होगा कि पिछली दफा रोहिणी यहां से रोती हुईं घर से गयी थीं और उन्होंने तेजस्वी यादव के कई सलाहकारों पर आरोप भी लगाया था। चर्चा तो यहां तक हो रही थी कि रोहिणी अलग आवास में रहेंगी, लेकिन माता-पिता के कहने पर उनके आवास में ही रहने लगी।

बहरहाल, अब इस नए वायरल वीडियो के बाद वही सवाल और गहरा हो गया है। क्या इस बातचीत को लालू यादव की ओर से रोहिणी आचार्य के लिए ‘सियासी आशीर्वाद’ का संकेत माना जाए, या यह महज एक पिता का अपनी बेटी के प्रति स्नेह है, इस पर राजनीतिक विश्लेषकों की राय बंटी हुई है। फिलहाल राजद की ओर से इस वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आयी है। लेकिन सोशल मीडिया पर लोग अपने-अपने ढंग से इसके मायने निकाल रहे हैं। कोई इसे पिता का स्नेह बता रहा है, तो कोई इसे आने वाले दिनों की सियासत का इशारा मान रहा है। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि दुर्गापूजा के मौके पर आया यह वीडियो सिर्फ भावुक पल था या राजद की भावी राजनीति की कोई नयी पटकथा।




Exclusive : रोहिणी आचार्य क्या लालू यादव की सियासी वारिस बनेंगी, राजद के बिखरे वोट बैंक को संभालेंगी; सोशल मीडिया पर दिया है संकेत, कल आ रही हैं पटना… 👇 इसे भी क्लिक करें…




