श्रावणी मेला का सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन, गंगाधाम से बाबाधाम तक सिर्फ बोलबम

PATNA / SULTANGANJ (RAJESH THAKUR) : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 का आज बिहार के सुल्तानगंज में नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) पर भव्य उद्घाटन हुआ। इसका उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल सहित अन्य मंत्री व विधायक मौजूद रहे। इसके पहले सम्राट चौधरी दोपहर 1:25 बजे हेलीकॉप्टर से सुल्तानगंज पहुंचे और उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। इसके बाद वे बांका जिलान्तर्गत बेलहर प्रखंड के धौरी गांव में श्रावणी महोत्सव के उद्घाटन के लिए रवाना हुए। श्रावणी महोत्सव में भी विजय सिन्हा और दिलीप जायसवाल शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाबा भोलेनाथ के पावन मास सावन के प्रथम दिन पर विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला का सुलतानगंज में भव्य और भक्तिमय उद्घाटन हर-हर महादेव के जयकारे से हुआ। उन्होंने आगे कहा कि एनडीए सरकार के द्वारा महादेव के भक्तगण कांवरियों को बेहतर सुविधा एवं हर सहयोग प्रदान किया जा रहा है। यहां पर पूरे सावन महीने में श्रद्धालुओं को हर तरह की सभी सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं धौरी के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ के भक्तों के इंतजाम में एनडीए सरकार कोई कमी नहीं रहने देगी। मेले को लेकर बांका से सुल्तानगंज तक कांवरिया मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा, जल व साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था की गयी है।

उधर, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ शुरू हुए इस मेले ने बिहार के मुंगेर, सुल्तानगंज, बांका और झारखंड के देवघर-बासुकीनाथ धाम को शिवमय कर दिया। यह मेला पूरे एक महीने तक चलेगा और 9 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन समापन होगा। दरअसल, सावन मास बाबा भोलेनाथ का पवित्र महीना है। इस मास में कांवरिये गंगाधाम (सुल्तानगंज) में उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबाधाम (देवघर) स्थित बैद्यनाथ मंदिर में बाबा पर जलाभिषेक करते हैं। यह विश्व का सबसे बड़ा मेला है। लगातार 30 दिनों और 105 किमी तक केसरिया ड्रेस में भक्तजन रेला के रूप में चलते रहते हैं।

बिहार और झारखंड प्रशासन की ओर से सुल्तानगंज से देवघर तक कांवरिया पथ पर काँवरियों के लिए सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बिहार सरकार के विभिन्न विभाग इसमें लगे हुए हैं। रेलवे ने भी श्रावणी मेला के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। सुल्तानगंज स्टेशन पर 40 सीसीटीवी कैमरे, मेडिकल सेंटर, आपातकालीन एंबुलेंस, महिला और चाइल्ड हेल्पलाइन बूथ, अग्निशमन यंत्र और हाई मास्ट लाइट्स की व्यवस्था की गयी है। साथ ही, मालदा डिवीजन ने जमालपुर-सुल्तानगंज और देवघर-गोड्डा के बीच विशेष पैसेंजर ट्रेनें शुरू की है, जो 10 अगस्त तक संचालित होंगी।