PATNA (RAJESH THAKUR) : उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सोमवार को कहा कि भाजपा मेरी दूसरी मां है। हमको जन्म देनी वाली मां जब चली गई थी, तब मैंने मुरेठा बांधा था। मैं व्यक्तिगत तौर पर कमिटेड हूं। दूसरी मां के सम्मान में अगर अयोध्या जाकर सर मुंडवाना पड़ा तो मुंडवाऊंगा। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद वे बीजेपी दफ्तर के अटल सभागार में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि मैं भाजपा का सिपाही हूं। वो भावुक क्षण था, जब मैंने वो (मुरेठा वाली बात) बात रखी थी। अब भाजपा नेतृत्व के निर्देश पर मैं अपना मुरेठा और बाल मुंडवा कर अयोध्या में भगवान राम के चरणों में दूंगा। हमलोग जल्द ही अयोध्या जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए हम साथ आए हैं। जदयू को तोड़ने की कोशिश की जा रही थी। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में विकास होगा। उन्होंने कहा कि साल 2020 में भाजपा का जो मेनिफेस्टो में था, उस पर हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। भाजपा ने उस समय ही मेनिफेस्टो में 10 लाख रोजगार का वादा किया था, उसे भी पूरा किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए हमलोगों ने सरकार बनायी है। राज्य में सुख-शांति के लिए फिर से एनडीए सरकार का गठन किया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब मेवा खाने वाली संस्कृति का खात्मा होगा। विकासात्मक संस्कृति पर काम होगा।
नयी सरकार में भाजपा की ओर से मंत्री पद की शपथ लेने वाले डॉ प्रेम कुमार ने भी मीडिया को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के वरीय नेता संजय मयूख और मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी मौजूद रहे। बता दें कि आज ही नयी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक हुई। इसमें तीन एजेंडों पर मुहर लगी है।