Mukhiyajee Reporter | Patna
द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग 2026 का 17 मार्च को भव्य समापन हुआ। इसके फाइनल मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। इसका आयोजन राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर स्टेडियम में हुआ था। फाइनल मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने सारण स्ट्राइकर्स को 24-21 से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं सारण स्ट्राइकर्स उपविजेता और सिवान टाइटंस तीसरे स्थान पर रही। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर सारण स्ट्राइकर्स की मुस्कान को बेस्ट रेडर ऑफ द सीजन तथा शिवानी को बेस्ट डिफेंडर का खिताब मिला, जबकि मगध वॉरियर्स की नैंसी प्रिया को प्लेयर ऑफ द सीजन चुना गया। इसके अलावा मेनका कुमारी (मगध) को बेस्ट कोच और राणा रंजीत सिंह को बेस्ट रेफरी ऑफ द सीजन का पुरस्कार प्रदान किया गया।

समापन समारोह में बिहार सरकार के वित्त एवं ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बिहार सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार नयी ऊंचाइयों को छू रही हैं।
खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता की लोकप्रियता को देखते हुए पुरस्कार राशि में बड़ा इजाफा किया गया है। विजेता टीम को 6.5 लाख रुपये, उपविजेता को 3.5 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.5 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। इसके अलावा बेस्ट रेडर, बेस्ट डिफेंडर और बेस्ट प्लेयर को नकद पुरस्कार के साथ स्कूटी भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछली कबड्डी लीग के विजेता को 1.5 लाख, उप विजेता को 75 हजार और तीसरे स्थान को 50 हजार की नकद राशि पुरस्कार के तौर पर दी गयी थी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में शामिल 42 खिलाड़ियों को आगे राजगीर में विशेषज्ञों की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बिहार की टीम का चयन किया जाएगा। इस आयोजन ने न केवल महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि बिहार में खेलों के बढ़ते दायरे और संभावनाओं को भी एक नयी दिशा दी है।







