PATNA (RAJESH THAKUR) : सुल्तानगंज के पूर्व विधायक व तारापुर के मूल निवासी गणेश पासवान अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 89 साल की उम्र में अपने पैतृक गांव सिसुआ में अंतिम सांस ली। गणेश पासवान के निधन की जानकारी उनके बेटे सुदर्शन पासवान ने मुखियाजी डॉट कॉम को दी। सुदर्शन पासवान की पत्नी ब्यूटी विश्वास वर्तमान में संग्रामपुर की जिला पार्षद तथा मुंगेर जिला पार्षद की उपाध्यक्ष हैं। समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल गणेश पासवान वर्तमान में भाजपा में थे और उनका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से भी अच्छा संबंध रहा था। साथ ही पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के परममित्र थे।
मुखियाजी डॉट कॉम को सुदर्शन पासवान ने बताया कि उनके पिता गणेश पासवान का स्वास्थ्य भी बहुत ज्यादा खराब नहीं था। वे आराम से चल-फिर लेते थे। उन्हें लीवर को लेकर थोड़ी परेशानी थी, जिसका इलाज चल रहा था। वे अपने पंचायत में लगभग 36 साल तक मुखिया रहे थे। मुखिया का कार्यकाल भी उनका शानदार रहा था। उनकी न केवल सियासत में, बल्कि समाजसेवा में भी ग्रामीणों के बीच उनकी खास पहचान थी। इलाके में बड़े कद वाले नेता था।
गणेश पासवान काफी मृदुभाषी थे और आम से लेकर खास तक में उनकी गहरी पैठ थी। जनसरोकार के काम में वे हमेशा आगे रहते थे तथा समाज के दबे-कुचले लोगों के हक की लड़ाई के लिए हमेशा तैयार रहते थे। विधानसभा का चुनाव हो या लोकसभा का अथवा शहरी निकाय का हो, वे बढ़-चढ़ कर भाग लेते थे। समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल गणेश पासवान बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जदयू में शामिल हो गए थे। कुछ दिनों के लिए उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल का भी दामन थामा था। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था तथा अंतिम सांस तक वे इसी पार्टी में रहे।
पूर्व विधायक गणेश पासवान अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी तीन बेटियां तथा चार बेटे हैं। उनके निधन पर इलाकों में शोक की लहर है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शकुनी चौधरी इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक रोहित चौधरी, तारापुर के विधायक राजीव सिंह, तारापुर के पूर्व जिला पार्षद शैलेश कुमार उर्फ मंटू यादव, असरगंज के जिला पार्षद अनिल सिंह, राजद नेता जितेंद्र सिंह कुशवाहा, भाजपा नेता प्रणय कुमार, पैक्स अध्यक्ष चैतन्य कुमार, पूर्व मुखिया मनोज मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दुख व्यक्त किया है।